मुजफ्फरनगर। बदलते मौसम में वायरल, डेंगू और टायफाइड ने बच्चों को घेरना शुरू कर दिया है। बड़ी संख्या में बच्चे बुखार की चपेट में आ रहे हैं। अब तक 50 से अधिक डेंगू पॉजीटिव बच्चे सामने आए। वहीं, जिला चिकित्सालय सहित निजी अस्पतालों में भर्ती बच्चों की संख्या में भी इजाफा हुआ है।
जुलाई माह में डेंगू की दस्तक के बाद अब तक सरकारी रिकॉर्ड में 55 बच्चे डेंगू की जद में आ चुके हैं। जबकि वायरल और टायफाइड से भी बड़ी संख्या में बच्चे बीमार हुए हैं। जिला चिकित्सालय में बुखार से पीड़ित 38 बच्चों को भर्ती किया गया है। एक बेड पर दो-दो बच्चों को भर्ती करना पड़ रहा है। बच्चों के निजी अस्पतालों में भी मरीजों की भारी भीड़ देखी जा रही है। बुखार आने के बाद बच्चों के पैरों में दर्द की शिकायत अधिक है। इसी के साथ प्लेटलेट्स में भी तेजी से गिरावट आ रही है।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ईश्वर चंद्रा और डॉ. निधि मलिक का कहना है कि बच्चों को इन दिनों मच्छर से बचाकर रखें। बच्चों की दिनभर फिजिकल एक्टीविटी के कारण उनकी पैरों की मसल्स का ओवरयूज होता है, ऐसे में उनके पैरों में दर्द की शिकायत हो जाती है। प्लेटलेट्स घटने की वजह से भी इस तरह की दिक्कत हो जाती है। अगर बच्चे को डेंगू होता है, तो उसमें घबराने की जरूरत नहीं है। चिकित्सक से उपचार शुरू कराएं और खाने-पीने का विशेष ध्यान रखें।