जानसठ। मोरना क्षेत्र के कई गांव के ग्रामीणों ने तहसील में एसडीएम कार्यालय पर पहुंचकर मोरना शुगर मिल में गन्ने की आपूर्ति के लिए शिफ्ट की यथा स्थिति बनाए रखने की मांग की। एसडीएम के कार्यालय पर न मिलने के कारण किसानों ने एसडीएम से मोबाइल पर बात करते हुए कार्यालय में पत्र सौंपा।
दी गंगा किसान सहकारी चीनी मिल मोरना में गन्ना आपूर्ति करने वाले कस्बा भोकरहेड़ी, गांव बेहड़ा सादात, कादीपुर, बेहड़ा थ्रू, मजलिशपुर, हाजीपुर, फिरोजपुर, चौरावाला सहित कई गांवों के किसानों ने एसडीएम कार्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि एक गांव के कुछ किसान गन्ना आपूर्ति के लिए बनाई गई शिफ्ट को बदलवाना चाहते हैं। जिसके चलते अन्य गांवों के किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इतना ही नहीं किसानों का कहना था कि शुगर मिल की जो प्रबंध कमेटी के सदस्य हैं। उन्होंने भी जो शिफ्ट फिलहाल आपूर्ति के लिए चलाई है। उसी का प्रस्ताव किया हुआ है।
प्रबंध कमेटी के कमलेश, सतवीर, सुधीर कुमार, मोहम्मद सादिक, स्नेहलता आदि सदस्यों ने बताया कि जिस प्रकार से मिल में जो शिफ्ट चल रही है, उनके अनुसार जो गन्ना आपूर्ति की जा रही है वही ठीक है। उसी का प्रस्ताव मिल को भी दिया गया है। इन्हें बदला जाना किसान हित में नहीं होगा। इस दौरान योगेश कुमार, अमित कुमार, रामपाल,अंकित कुमार, हरपाल सिंह, तेजपाल, गुलबीर, सुरेंद्र सिंह, आवाज अली, जसपाल, सुरेंद्र सिंह, ब्रजवीर सिंह, रामनाथ शर्मा, अजय कुमार, रामवीर, ललित कुमार, इंद्रजीत सिंह, सुरेंद्र, सालिम, सुनील, सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।