मुजफ्फरनगर। क्रांति सेना व शिवसेना के पदाधिकारियों ने एसपी देहात आदित्य बंसल से मिलकर गांव हरियाखेड़ा निवासी कक्षा 12 के छात्र भीम के आत्महत्या प्रकरण में स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। एसपी देहात को ज्ञापन सौंप कर धरना देने की भी चेतावनी दी।
बुधवार को संगठन के कार्यकर्ता व पदाधिकारी एसएसपी कार्यालय पर पहुंचे। एसपी देहात को बताया कि बुढ़ाना के गांव हरियाखेड़ा निवासी देवपाल के इकलौते 16 वर्षीय पुत्र भीम ने आत्महत्या कर ली थी। आरोप लगाया कि निकटवर्ती गांव दुर्गनपुर में स्थित जेके एकेडमी के प्रबंधन ने फीस न देने पर वेदपाल के पुत्र भीम को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया था, जिससे तनावग्रस्त होकर छात्र भीम ने यह कदम उठाया। इस घटना से आहत भीम की छोटी बहन ने भी जहर खा कर आत्महत्या की कोशिश की। वेदपाल ने बेटे के शव का पोस्टमार्टम कराए बिना अंतिम संस्कार कर दिया था। इस मामले में दोषी स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाए। ऐसा न करने पर धरना दिया जाएगा। एसपी देहात आदित्य बंसल ने सीओ बुढ़ाना को जांच के आदेश दिए। इस दौरान मुकेश त्यागी, बिट्टू सिखेड़ा, पूनम चौधरी, संजय आर्य, शैलेंद्र विश्वकर्मा, उज्ज्वल पंडित आदि मौजूद रहे।