- परिवहन निगम मुजफ्फरनगर डिपो के एआरएम के कार्यालय के सामने दिया धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। अनुबंधित रोडवेज बसों के मालिकों ने अनुबंधित बस ऑपरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में सोमवार दोपहर परिवहन निगम मुजफ्फरनगर डिपो के एआरएम के कार्यालय के सामने धरना दिया। उन्हें ज्ञापन सौंपा गया। आरोप है कि निगम के अधिकारी बड़ौत व मेरठ डिपो की अनुबंधित बसों को वहलना चौक व निगम की बसों को रोडवेज बस अड्डे से संचालित करा रहे है। बड़ौत व मेरठ जाने वाली अनुबंधित बसों को महावीर चौक से संचालित कराया जाए।
एसोसिएशन के सदस्य इस मामले में सुबह के समय सहारनपुर में आरएम योगेंद्र प्रताप सिंह से मिले। उन्हें पूरी बात बताई। कहा कि मुजफ्फरनगर डिपो के अधिकारी बड़ौत व मेरठ डिपो की बसों को डीजल लेने आने के बहाने रोडवेज बस अड्डे से संचालित करा रहे है। जबकि उनकी बसों को वहलना चौक से संचालित कराया जा रहा है। इससे उन्हें आर्थिक हानि हो रही है। एआरएम व एसएसआई उनका उत्पीड़न कर रहे है।उन्हें ज्ञापन दिया गया।
दोपहर के समय एसोसिएशन के सदस्यों ने मुजफ्फरनगर डिपो के एआरएम के कार्यालय के सामने धरना दिया। एआरएम प्रभात कुमार सिन्हा ने अधिकारियों से वार्ता कर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। धरना देने वालों में अध्यक्ष गौरव तोमर, उपेंद्र, भूपेंद्र, अभिषेक, आयुष, विकास व अन्य मौजूद रहे।