सुबह 7 से 12 बजे तक बाजार खुलवाने की मांग
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। लॉकडाउन के दौरान जिलाधिकारी ने बाजार खोलने की नई नीति घोषित की है। इस नीति के अनुसार बाजार में दुकानें खुलने का समय प्रात: 10 बजे से शाम 4 बजे तक का घोषित हुआ है। इस समय को लेकर कस्बे के व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों का कहना है कि भीषण गर्मी में समय का निर्धारण गलत हुआ है। बाजार खुलने का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक का होना चाहिए। गर्मी में यह समय ग्राहक व दुकानदार दोनों के लिए उपयुक्त है। सीमावर्ती जनपद शामली में भी सुबह 7 बजे से 12 बजे तक का समय रखा गया है।
कपड़ा व्यापारी एवं भाजपा नेता राजेश संगल, विकास संगल, मोनू जैन, रामगोपाल सैनी, राहुल जैन, नितिन जैन, जावेद व दिलशाद आदि ने कहा कि बाजार खोले जाने के समय को लेकर व्यापारी जिलाधिकारी से मिलेंगे। व्यापारियों ने जिलाधिकारी से सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक बाजार खुलने के निर्देश देने की मांग की।