मोरना। ग्रामीणों ने मोहम्मदपुर रजबहे की सफाई करने और मिल में गन्ना लाने हेतु रजबहे की पटरी पर जमा मिट्टी को समतल कराए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी से गुहार लगाई।
गांव निरगाजनी- कम्हेड़ा गंगनहर पटरी से विकास खंड मोरना के दर्जनों गांवों की फसलों को अंग्रेजों के समय से ही रजबहे से पानी दिए जाने की व्यवस्था चली आ रही है। इस रजबहे से गांव सीकरी, रहमतपुर, गड़वाड़ा, सिकंदरपुर, अथाई, बेलड़ा, भोपा, छछरौली, वजीराबाद, मोरना, चौरावाला, मीरावाला, खरपौड़ दरियापुर, नयागांव बेहड़ा सादात, करहेडा, ककराला,भेडाहेडी, दोलतपुर, निवादा खोकनी की टेल तक पानी पहुचंता था। लेकिन सिंचाई विभाग की लचर व्यवस्था के चलते रजबहे की साफ-सफाई नहीं की जाती। जिस कारण तयशुदा समय से रजबहे द्वारा नालियों में निकलने वाले पानी से खेतों की सिंचाई पूरी तरह नहीं हो पाती।
गांव प्रधान अथाई अजब सिंह व पूर्व प्रधान रविंद्र उर्फ छोटा, धीरज प्रधान करहेड़ा, अनुज पहलवान छछरौली, मेनपाल चेयरमैन सिकंदरपुर गड़बड़वाडा, संसार सिंह बेलड़ा, सुंदर प्रधान चौरावाला आदि ने बताया कि साफ सफाई नहीं होने से रजबहों में टेल तक पानी नहीं पहुंच पाता।
वहीं गांव रहमतपुर, बेलडा, सिकंदरपुर गडवाडा, अथाई आदि सहित कस्बा भोकरहेडी के किसान रजबहे की पटरी से होते हुए मोरना मिल में गन्ना डालने आते जाते रहते हैं। रजबहे से निकली मिट्टी को पटरी पर डाल दिया जाता है, जिसके चलते गन्ने की सिर्फ एक बुग्गी, ट्रॉली मुश्किल से निकल पाती है। किसानों ने डीएम से रजबहे की साफ-सफाई कराने और मिट्टी समतल कराए जाने की गुहार लगाई है।