मेला ग्राउंड में महापुरुषों के तोड़े गए द्वार बनवाने की मांग
देवबंद। दलित समाज के विभिन्न संगठनों ने प्रशासन से श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मेला ग्राउंड में नगरपालिका द्वारा बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर समेत महापुरुषों के तोड़े गए द्वारों को शीघ्र बनवाने की मांग की है।
बृहस्पतिवार को हलवाई हट्टा पर बैठक में दलित सेना के जिलाध्यक्ष शिवकुमार, द बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया के प्रदेशाध्यक्ष नाथीराम बौद्ध, भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष रोहित राज गौतम और आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के सुमित कुमार ने कहा कि नगरपालिका का अनुमति से मेला ग्राउंड में सन 1991 में डा. भीमराव अंबेडकर शताब्दी द्वार का निर्माण किया गया था। लेकिन सन 2015 में नगरपालिका ने सड़क चौड़ीकरण के दौरान अंबेडकर द्वार को तोड़ा गया था। जिसका आज तक भी निर्माण नहीं कराया गया, जिससे दलित समाज में भारी रोष है। रामकरण बौद्ध ने कहा कि मेला ग्राउंड में विभिन्न महापुरुषों के नाम पर बने द्वारों का निर्माण कराया जाना था। नगरपालिका ने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने प्रशासन से तोड़े गए द्वार को बनवाने की मांग की है। इस मौके पर भीम आर्मी के विधानसभा अध्यक्ष शौर्य अंबेडकर, बीएसपी के नगराध्यक्ष समयदीन, राशिद हुसैन, नरेश अरोड़ा, इमरान अंसारी, राजकुमार जाटव, उग्रसेन बौद्ध, सुरेंद्र भारती, रामदास व रामभरोसे आदि रहे।