खतौली। गांव लोहडडा निवासी छात्र वंश तंवर हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई। हत्याकांड में शूटर समेत तीन आरोपी फरार हैं।
गांव लोहडडा निवासी वंश तंवर अपने दोस्त गांव टिटौड़ा निवासी आदित्य के साथ बाइक से खतौली आ रहा था। गांव सरधन के प्राथमिक विद्यालय के निकट दो बाइक सवार बदमाशों ने वंश को गोली मारकर घायल कर दिया था। दो दिन बाद मेरठ में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने 14 दिसंबर को हत्याकांड का खुलासा करते हुए चार आरोपियों गांव खेड़ी रांगढ़ान निवासी अजय उर्फ लुक्का, योगेश, प्रविंद्र तथा सरधना थाने के गांव कपसाड़ निवासी सतीश को गिरफ्तार कर उनका चालान किया था। खेड़ी रांगढ़ान निवासी शूटर उपेंद्र, वंश की बुआ दिल्ली के नरायणा निवासी बबीता तथा सरधना थाने के गांव कपसाड़ निवासी सूरज फरार चल रहे हैं। सोमवार को पूर्व प्रधान सतेंद्र, संजय मोघा, डॉ. अशोक, गौरव शर्मा, राकेश, संजीव आदि ने थाने पहुंच कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।