अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। सपा-रालोद गठबंधन के मुजफ्फरनगर और शामली के विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने बुढ़ाना क्षेत्र के विकास के लिए डीएम चंद्रभूषण सिंह से मुलाकात की। विधायकों ने कहा कि बुढ़ाना विकास खंड की बैठक कराकर विकास कार्य कराए जाने चाहिए। आमजन को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है।
शुक्रवार को रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान, पुरकाजी सुरक्षित सीट से विधायक अनिल कुमार, सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, शामली विधायक प्रसन्न चौधरी, थानाभवन विधायक अशरफ अली, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, मीरापुर विधायक चंदन चौहान और रालोद जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर ने कलक्ट्रेट में डीएम से मुलाकात की। विधायक अनिल कुमार ने बताया कि बुढ़ाना क्षेत्र के विकास पर चर्चा की गई है। ब्लॉक की बैठक कराकर विकास कार्य शुरू कराएं जाएं। ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ जो शिकायतें की गई हैं, उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। विपक्ष के जिला पंचायत सदस्यों को भी काम मिलना चाहिए। सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी और रालोद जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर ने कहा कि निष्पक्ष रूप से आमजन को सरकारी योजनाओं को लाभ मिलना चाहिए।