जैन मुनि नयन सागर महाराज के वीडियो वायरल प्रकरण को लेकर जैन समाज की ओर से आयोजित महासभा एवं महाआंदोलन की महागर्जना में वक्ताओं ने जैन मुनि के खिलाफ भड़ास निकाली। महासभा में जैन समाज के लोगों ने सर्वसम्मति से जैन मुनि के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन करने का एलान कर दिया। इस देशव्यापी आंदोलन की शुरुआत 11 व 12 सितंबर को चंडीगढ़ में श्री दिगंबर जैन मंदिर के सामने धरना व प्रदर्शन करने के साथ होगीी। जिस मंदिर में जैन मुनि चतुर्मास कर रहे हैं। चंडीगढ़ सरकार ने धरना प्रदर्शन करने की अनुमति भी दे दी है। जैन समाज के लोगों का कहना है कि दो दिवसीय धरना प्रदर्शन कर नयन सागर को कपड़े पहनाएंगे और पिच्छी व कमंडल छीनकर लाएंगे।
सुशीला गार्डन में हुई जैन समाज की महासभा में वक्ताओं ने कहा कि जैन मुनि के वीडियो वायरल ने जैन समाज की आंखें खोल दी है। जैन मुनि नयन सागर के खिलाफ कार्रवाई जरूर होना चाहिए। आरोप लगाया कि जैन मुनि ने दिगंबर जैन परंपरा को कलंकित किया है। जैन समाज धर्म को बचाने के लिए कुछ भी कर सकता है। जैन मुनि ने हमारी आस्था के साथ धोखा किया है। इसलिए जैन समाज बाबा को जैन मुनि कभी स्वीकार नहीं करेगा।
समाज को ही मजबूर होकर निर्णय लेना पड़ेगा। जैन मुनि के खिलाफ जैन समाज एकजुट हो चुका है। अब जैन समाज देशव्यापी आंदोलन चलाएगा। महासभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि चंडीगढ़ में दिगंबर जैन के सामने 11 व 12 सितंबर को विशाल धरना प्रदर्शन होगा। इसके लिए सभी जैन समाज के लोगों से धरना प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया गया। महासभा की अध्यक्षता नवीन जैन तथा संचालन वीरेंद्र जैन ने किया।
यमुनापार दिल्ली के श्री दिगंबर जैन मंदिर के महामंत्री राजेश जैन, सकल जैन समाज के अध्यक्ष सुशील कुमार जैन, संजय जैन, राजेंद्र जैन, आदीश, लल्लूमल, नीरज जैन, मोहित, पंकज, राजपाल, संजय, राकेश, राजीव जैन, प्रदीप जैन, राकेश जैन, बालेश, रजनीश जैन, मुकेश जैन, अमित जैन, नरेंद्र, सुखलाल सहित दिल्ली, एनसीआर, वेस्ट यूपी, हरियाणा आदि स्थानों से जैन समाज मंदिरों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
चंडीगढ़ सरकार ने प्रदर्शन की अनुमति दी
खतौली। दिल्ली यमुनापार के श्री दिगंबर जैन मंदिर के महामंत्री राजेश जैन ने बताया कि जैन मुनि के खिलाफ चंडीगढ़ सरकार से श्री दिगंबर जैन मंदिर की 200 मीटर की परिधि में विशाल दो दिवसीय धरना प्रदर्शन करने की अनुमति मिल गई है। इस दो दिवसीय विशाल धरना प्रदर्शन में ही सर्वसम्मति से आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा।
क्या था जैन मुनि प्रकरण का मामला
खतौली। खतौली निवासी युवती रुडक़ी के इंजीनियरिंग कॉलेज ऑफ में असिस्टेंट टीचर है। 28 जुलाई को युवती अचानक लापता हो गई थी। जैन मुनि नयन सागर महाराज के साथ युवती का वीडियो वायरल होने पर परिजनों ने उसकी पहचान की थी। युवती के पिता ने 31 जुलाई को थाना बहादराबाद, हरिद्वार में जैन मुनि नयन सागर महाराज पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। जैन मुनि के वीडियो वायरल प्रकरण को लेकर जैन समाज में आक्रोश फैल गया था।
मामला बढ़ने पर तीन अगस्त को युवती अचानक बहादराबाद थाने में पहुंची थी। पुलिस ने युवती के बयान कोर्ट में दर्ज कराए थे। युवती ने अपने बयानों में जैन मुनि को निर्दोष बताते हुए क्लीनचिट दे दी थी। कोर्ट में बयान देने के बाद युवती अपने घर नहीं लौटी थी। 6 अगस्त को खतौली की युवती ने अपना वीडियो वायरल किया। उस वीडियो वायरल में युवती ने अपने बयानों में कहा कि जो वहलना प्रवास में 23 और 24 जून की तारीखों की वीडियो 28 जुलाई को वायरल हुआ, वो सब दबाव बनाकर कराया गया था, जो कि सब कुछ झूठ है। युवती ने इस वीडियो की साजिश का दो जैन समाज के लोगों पर आरोप लगाए थे।