बुढ़ाना में फुगाना गांव के शिवमंदिर में आयोजित ग्रामीणों की पंचायत।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
- गठवाला खाप के गांव फुगाना में पंचायत का आयोजन
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। गठवाला खाप के गांव फुगाना में शिवमंदिर में ग्रामीणों की पंचायत में गाजीपुर बार्डर पर चल रहे धरने में राशन भेजने का निर्णय लिया गया। पंचायत में करीब डेढ़ लाख रुपये का चंदा एकत्र हुुआ। पंचायत में सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के अनुसार पांच फरवरी को भैंसवाल गांव की पंचायत में पहुंचने का निर्णय लिया गया। किसान नेताओं की घोषणा के अनुसार छह फरवरी को गठवाला खाप के ग्रामीण फुगाना गांव के बस अड्डे पर मेरठ-करनाल हाईवे जाम करेंगे।
कृषि कानूनों के विरोध में भाकियू नेताओं व कार्यकर्ताओं के अलावा अन्य राजनीतिक दलों से संबंधित ग्रामीण एकजुट होने लगे हैं। कस्बा व देहात क्षेत्र में पंचायतों का सिलसिला जारी है। गठवाला खाप के गांव फुगाना में बुधवार को शिवमंदिर में खाप के ग्रामीणों की पंचायत का आयोजन हुआ, जिसमें फुगाना गांव के अलावा खाप के कई गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे। कृषि कानूनों के विरोध में गाजीपुर बार्डर पर धरने पर बैठे किसानों को लेकर घंटों विचार विमर्श हुआ। पंचायत में सर्वसम्मति से गाजीपुर बार्डर पर खाने पीने के सामान के अलावा अन्य आवश्यक सामान भेजने का निर्णय लिया गया। पंचायत में करीब डेढ़ लाख रुपये का चंदा एकत्र हुआ। चौ. थाम सिंह ने बताया कि गांव से करीब ढाई लाख रुपये का चंदा एकत्र होने का अनुमान है। एकत्र धन से खाने पीने के राशन के अलावा अन्य आवश्यक सामान खरीदकर धरने पर ले जाया जाएगा। पांच फरवरी को शामली जनपद के गांव भैंसवाल में होने वाली पंचायत में भी भाग लेने का निर्णय लिया गया। चौ. मुकेश मलिक ने बताया कि 6 फरवरी को गठवाला खाप के ग्रामीण मेरठ-करनाल हाईवे के फुगाना बस अड्ड़े पर हाईवे जाम करेंगे। बार्डर पर राशन ले जाने सिलसिला बृहस्पतिवार से आरंभ होगा। पंचायत में मनोज शर्मा, सिकंदर, यशवीर रवा राजपूत, अतर सिंह, जयपाल सिंह, मोनू, कुलदीप व राहुल सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। पंचायत की अध्यक्षता चौ. सुनमेक सिंह व संचालन मुकेश मलिक ने किया।