दोस्तों संग नहर में नहाने गए युवक की डूबने से मौत
देवबंद। गांव मझौल जबरदस्तपुर में होली के दिन दोस्तों के साथ लिंक नहर में नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक की मौत से उसके गांव में मातम पसरा गया।
मझौल जबरदस्तपुर निवासी मांगाराम यादव का पुत्र मुकुल यादव (21 वर्ष) अपने कई दोस्तों के साथ फाग के दिन दोपहर में गांव से कुछ दूर स्थित लिंक नहर में नहाने गया था। बताया जाता है कि नहाते समय मुकुल गहरे पानी में चला गया और डूब गया। कुछ समय बाद मुकुल के पानी में डूबने की सूचना मिलने पर आसपास के गांव से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से मुकुल की तलाश शुरू की गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद देर शाम मुकुल के शव को बन्हेड़ा नहर के पास से बरामद कर लिया गया।
मुकुल की आकस्मिक मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पिता मांगाराम ने बताया कि मुकुल दो भाई बहनों में बड़ा था। वह 12वीं कक्षा उत्तीर्ण के बाद मेरठ में अपने रिश्तेदार के यहां रहकर कंपीटिशन की तैयारी कर रहा था। खेड़ा मुगल चौकी के एसआई बलराम सिंह ने बताया कि कई युवक नहर में नहा रहे थे। दोस्तों को भी मुकुल के डूबने का पता नहीं चला और नहाने के बाद वह अपने घर लौट आए। बाद में जानकारी मिलने पर ग्रामीणों द्वारा उसकी तलाश की गई। बन्हेडा गांव के समीप से मुकुल का नहर से शव बरामद हुआ।