कोरोना पीड़ित महिला की मौत
मुजफ्फरनगर, खतौली। अशोक विहार स्थित कोविड एल-वन हॉस्पिटल से गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाए जा रहे महिला मरीज की बीच रास्ते में ही मौत हो गई। महिला के परिजनों ने सीएचसी प्रभारी से शिकायत कर एंबुलेंस चालक की लापरवाही के कारण महिला की मौत का आरोप लगाया है।
कोविड के लगातार प्रसार के चलते कस्बे के अशोक विहार में स्थित एक अस्पताल को कोविड एल-वन हॉस्पिटल बनाया गया है। उक्त हॉस्पिटल में भर्ती एक महिला मरीज का ऑक्सीजन लेवल सोमवार को घटकर मात्र 55 रह गया। इस पर हॉस्पिटल प्रबंधन ने महिला को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल ले जाए जाने के लिए रेफर कर दिया। महिला मरीज को लाने के लिए 108 एंबुलेंस भी हॉस्पिटल पहुंच गई। मरीज को एंबुलेंस में लेटा दिया गया। आरोप है कि महिला मरीज के परिजनों ने जब एंबुलेंस चालक को महिला का ऑक्सीजन लेवल कम होते हुए उसे ऑक्सीजन लगाने के लिए कहा, तो चालक ने ऑक्सीजन न होने का बहाना बना दिया। इसके चलते समय से ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण महिला मरीज की जिला अस्पताल ले जाए जाते समय हाईवे स्थित मंसूरपुर के निकट मौत हो गई। इस पर एंबुलेंस चालक महिला के शव को वापस एल-वन हॉस्पिटल ले गया, जहां परिजनों के हंगामे की आशंका से वह आनन-फानन में शव उतारकर वहां से रफूचक्कर हो गया। महिला मरीज के परिजनों ने सीएचसी प्रभारी से मामले की शिकायत की है। मामले में सीएचसी प्रभारी डॉ पुष्पेंद्र कुमार का कहना है कि 108 एंबुलेंस उनके कार्यक्षेत्र में नहीं आती। फिर भी वे महिला के परिजनों की शिकायत सीएमओ के माध्यम से आगे तक पहुंचाएंगे।