जानसठ। सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने गई महिला के साथ ससुराल के लोगों ने ही जानलेवा हमला करके घायल कर दिया। विरोध करने पर हमलावरों ने महिला के बाल पकड़कर सड़क पर काफी दूर तक घसीटा। पीड़िता ने सीओ से मिलकर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
तहसील के गांव रामराज के सपेरों वाली नई बस्ती निवासी कविता पत्नी शिवकुमार ने सीओ शकील अहमद को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि वह घर से बाहर सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने के लिए गई थी। इस दौरान वहां पहले से मौजूद ससुर चंद्रवीर, जेठ प्रदीप, सास राकेश ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। आरोप है कि ससुरावालों ने उस पर जानलेवा हमला करके उसको घायल कर दिया। इतना ही नहीं उसके बाल पकड़ करके भी काफी दूर तक सड़क पर घसीटा। आरोप है कि वह अपने मायके से मकान बनवाने के लिए एक लाख रुपये उधार मांग कर लाई। ससुरालवालों ने इन रुपयों को घर के अंदर से चोरी कर लिए। पीड़िता ने सीओ से आरोपियों के विरुद्घ कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की। सीओ ने थाना रामराज पुलिस को जांच करके कार्रवाई करने के आदेश जारी किए हैं।