शाहपुर के सोरम मार्ग पर युवक की लाश मिलने पर मौके पर जमा ग्रामीण।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पेड़ से लटका मिला लापता युवक का शव
मुजफ्फरनगर, शाहपुर। सोरम मार्ग स्थित नलकूप पर बुधवार सुबह पेड़ पर फांसी लगा युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक की पहचान कस्बे के मोहल्ला गोकुलपुर निवासी सब्जी विक्रेता के रूप में हुई, जो मंगलवार शाम गांव सोरम से घर लौटते समय लापता हो गया था।
शाहपुर-सोरम मार्ग स्थित सुरेश सैनी के खेत की नलकूप पर लगे पेड़ पर बुधवार सुबह युवक का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर एसओ धर्मेंद्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया। शव के गले में रस्सी का फंदा कसा हुआ था, लेकिन उसके पैर जमीन पर टिके थे और घुटने भी मुड़े हुए थे। युवक के शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं थे। शव की शनाख्त कस्बे के मोहल्ला गोकुलपुर निवासी भारत (25) पुत्र नकलीराम के रूप में हुई, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। एसओ ने बताया कि भारत सब्जी का काम करता था और मंगलवार शाम गांव सोरम निवासी रिश्तेदार के यहां मिलने गया था। वहां से देर रात तक भी वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन युवक का सुराग नहीं लगा। बुधवार को दिन निकलते ही उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। एसओ ने बताया कि जांच में सामने आया है कि युवक की पत्नी गृहक्लेश के चलते करीब एक माह पूर्व मायके चली गई थी, जिसके बाद से ही वह मानसिक तनाव में था। युवक के भाई राकेश ने रपट इत्तलाई दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। एसओ का कहना है कि प्रथम दृष्टया तो युवक द्वारा आत्महत्या किया जाना ही प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यदि कुछ और तथ्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर जांच की जाएगी।