फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रक्षा खरीद पर आरोप देश के लिए घातक : योगेंद्र नारायण

Tue, 13 Nov 2018 12:46 AM IST
अमर उजाला/ब्यूरो, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
टूर्नामेंट का उद्घाटन करते जाते देश के पूर्व रक्षा सचिव योगेंद्र नारायण माथुर। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पूर्व रक्षा सचिव योगेंद्र नारायण माथुर ने कहा कि रक्षा खरीद पर आरोप देश के लिए घातक है। इससे जरूरी खरीद रुक जाती है और सेना का भी मनोबल गिरता है। कहा कि कश्मीर, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश में सैनिक कठिन परिस्थितियों में काम कर रहे हैं। उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज होना गलत है। पूर्व रक्षा सचिव एवं हेमवती नंदन बहुगुणा विश्वविद्यालय गढ़वाल के चांसलर योगेंद्र नारायण माथुर सोमवार को सर्विस क्लब पर शुरू हुए आईटीएफ टेनिस टूर्नामेंट के शुभारंभ समारोह में पहुंचे थे।
विज्ञापन


पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि रक्षा खरीद के संबंध में कैग की रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया जाना चाहिए। यह पहली बार हुआ है कि एयर चीफ मार्शल को राफेल खरीद के मामले में सामने आना पड़ा। उन्होंने कहा कि राफेल की क्वालिटी पर नहीं, बल्कि उसके आफसेट पर सवाल उठाए जा रहे हैं, जबकि आफसेट में 18 कंपनियां शामिल थीं। इस तरह के मामलों में राजनीति नहीं होनी चाहिए। कहा कि नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश और कश्मीर में राष्ट्रहित में अफस्फा लगाया गया है।

यहां तैनात सैनिक कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं। उन पर केस दर्ज करना गलत है। ऐसे केस आर्मी को ही देखने चाहिए, ताकि परिस्थितियों का सही से आंकलन हो सके। शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए उन्होंने कहा कि रिसर्च और इनोवेशन देश को आगे ले जाती है। पीएचडी को बढ़ावा देना चाहिए और डाक्यूमेंट साइड से बचना चाहिए। उन्होंने वोकेशनल ट्रेनिंग और रोजगारपरक शिक्षा की जरूरत बताई। वार्ता में उन्होंने कहा कि गढ़वाल क्षेत्र में आर्मी और पर्यावरण से जुड़े कोर्सों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, क्योंकि यहां इन्हीं क्षेत्रों में ज्यादा संभावनाएं हैं। विश्वविद्यालयों को अपने क्षेत्र में सोशल वर्क करने चाहिए।
विज्ञापन


विश्व टेनिस में चमके भारतीय खिलाड़ी : एम. पोलार्ड
भावना स्वरूप मेमोरियल आईटीएफ महिला टेनिस टूर्नामेंट का सोमवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। हेमवती नंदन बहुगुणा यूनिवर्सिटी गढ़वाल के चांसलर  योगेंद्र नारायण माथुर, गुयाना के राजदूत एम. पोलार्ड और कानपुर के कमिश्नर सुभाषचंद शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया। अतिथियों ने देश-विदेश की खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।  

कोर्ट रोड स्थित सर्विस क्लब में 25 हजार डॉलर के इनामी आईटीएफ महिला टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि योगेंद्र नारायण माथुर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला टेनिस टूर्नामेंट के आयोजन से विश्व स्तर पर खेलों में भारत की गरिमा बढ़ी है। खेल प्रतिभाओं को आगे आने के अवसर मिलते हैं। खेलों में युवाओं का रुझान बढ़ेगा, तभी एशियाड और ओलंपिक में भारत को अधिक पदक मिलेंगे।

गुयाना के राजदूत एम. पोलार्ड ने कहा कि मुजफ्फरनगर जैसे छोटे शहर में ग्रास कोर्ट पर ऐसे टूर्नामेंट का होना उल्लेखनीय है। विश्व टेनिस में भारतीय खिलाड़ियों ने नए मुकाम पाए हैं। भावना स्वरूप की स्मृति में यह आयोजन उनको सच्ची श्रद्धांजलि है। कानपुर कमिश्नर सुभाषचंद शर्मा ने कहा कि आईटीएफ टेनिस टूर्नामेंट का प्रयास सराहनीय है। खेलों के लिए समाज में माहौल बनाएं, ताकि प्रतिभाओं का हौसला बढ़े। खेलों में भविष्य सुनहरा बनाया जा सकता है।

आयोजन समिति के पदाधिकारियों आलोक स्वरूप, अनिल स्वरूप, राघव स्वरूप, प्रणव स्वरूप, अभिनव आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने भावना स्वरूप के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। सहारनपुर कमिश्नर चंद्रप्रकाश त्रिपाठी, डीएम राजीव शर्मा, एसएसपी सुधीर कुमार सिंह, चरथावल विधायक विजय कश्यप,  जिला बार संघ के अध्यक्ष राजेश्वर दत्त त्यागी, चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल, रालोद नेता अशोक बालियान, राजीव बालियान, अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व सदस्य मुफ्ती जुल्फिकार, अशोक शरीन, केपी मलिक, डा. पंकज सिंह, चंद्रवीर सिंह एडवोकेट, शशिकांत शर्मा, गिरीश अग्रवाल, रजनीश अग्रवाल, नासिर अली जैदी, रविंद्र चौधरी, डा. एसकेडी भारद्वाज आदि मौजूद रहे।  

भावना स्वरूप को समर्पित टूर्नामेंट  
सर्विस क्लब में आयोजित सातवीं आईटीएफ महिला टेनिस टूर्नामेंट शहर की बेटी भावना स्वरूप की स्मृति को समर्पित है। वर्ष 2001 में सड़क दुर्घटना में उद्यमी आलोक स्वरूप की पुत्री भावना का निधन हो गया था। उन्हीं की याद में स्वरूप परिवार ने जिले में वर्ष 2002 से अंतरराष्ट्रीय महिला टेनिस टूर्नामेंट के आयोजन की शुरुआत की। प्रदेश में टेनिस का यह सबसे बड़ा टूर्नामेंट है, जिसकी इनामी राशि 25 हजार डॉलर है। देश-विदेश की 32 से ज्यादा सिंगल और डबल्स मैचों में खेलने के लिए महिला खिलाड़ी मुजफ्फरनगर पहुंची हैं। भावना की दादी सुरेंद्र कौर ने भारतीय महिला खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। भावना की मां माधवी स्वरूप और चाची कविता ने भी देश की बेटियों को प्रोत्साहित किया। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें