फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर - बढ़ा डेंगू का खतरा, दो दिन में 32 हुए बीमार

Tue, 26 Sep 2023 01:20 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
- अब मरीजों की संख्या सौ के पार पहुंच, स्वास्थ्य विभाग की बढ़ी चिंता
विज्ञापन

फोटो समाचार

संवाद न्यूज एजेंसी

मुजफ्फरनगर। जिले में डेंगू का खतरा बढ़ रहा है। दो दिन में डेंगू से 32 लोग बीमार हो गए हैं। रविवार को 11 और सोमवार को 21 डेंगू पॉजीटिव मरीज सामने आए। अब मरीजों की संख्या सौ के पार पहुंच गई है।

उमस भरी गर्मी के बीच-बीच में हो रही बारिश के कारण तेज गति से डेंगू पनप रहा है। अधिक संख्या में डेंगू का लार्वा मिल रहा है। जिस कारण मरीज इसकी चपेट में आ रहे हैं। सोमवार को एक साथ 21 मरीजों की जांच रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई। अब जिले में डेंगू मरीजों की संख्या 113 पर पहुंच गई है। यह मरीज चरथावल, मोरना, खतौली, दूधाहेड़ी और शहरी क्षेत्र के गांधी कॉलोनी, मिमलाना रोड, रामपुरी, न्याजुपुरा सहित नगर पालिका क्षेत्र से सामने आए हैं।
विज्ञापन

जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह का कहना है कि बीच-बीच में हो रही बारिश से डेंगू का खतरा बढ़ गया है। इससे लार्वा बहुत जल्दी पैदा होता है और मच्छर पनपता है। उनका कहना है कि डेंगू का सबसे अच्छा इलाज सावधानी और जागरूकता ही है। अलका सिंह ने बताया कि उनकी टीम लगातार क्षेत्र में जाकर सर्वे भी कर रही हैं। जिसमें लार्वा को तलाशा जाता है और लोगों को जागरूक किया जाता है। फिलहाल जिले में अब तक डेंगू के 113 मरीज सामने आ चुके हैं। जिला चिकित्सालय में डेंगू के कुछ मरीज भर्ती भी हैं।

सोमवार को जिला अस्पताल में रही मरीजों की भीड़

रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को जिला चिकित्सालय में सुबह से ही मरीजों का तांता लगा रहा। अस्पताल के हर कक्ष के बाहर मरीजों की लंबी कतार नजर आई। अस्पताल में घुसते ही पर्ची कक्ष के बाहर सुबह नौ बजे ही लंबी लाइन लग गई। इसके अलावा हर ओपीडी के बाहर मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। औषधी कक्ष की तीनों लाइन में दोपहर बाद तक भी मरीजों की संख्या कम नहीं हुई। सोमवार को करीब साढ़े तीन हजार मरीजों ने उपचार कराया। इसमें सबसे अधिक मरीज वायरल बुखार, नजला जुकाम, सिर दर्द और सांस के मौजूद थे।
विज्ञापन


साफ पानी में पनपता है डेंगू का मच्छर

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि डेंगू फैलाने वाला मच्छर साफ पानी में पनपता है। यह मच्छर घर के अंदर पनपता है और दिन में ही काटता है। जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह का कहना है कि लोगों को रोजाना घर के अंदर देखना चाहिए कि कहीं उनके घर में किसी जगह पानी तो इकट्ठा नहीं है। कूलर, पानी की टंकी, पक्षियों के पानी का बर्तन से रोजाना पानी बदलना चाहिए।

यह है डेंगू के लक्षण

- अकस्मात तेज सिर दर्द व बुखार होना।

- मांसपेशियों तथा जोड़ों में दर्द होना।

- आंखों के पीछे दर्द होना, जो कि आंखों को घुमाने से बढ़ता है।

- जी मिचलाना एवं उल्टी होना।

- गंभीर मामलों में नाक, मुंह, मसूड़ों से खून आना और त्वचा पर चकत्ते उभरना।

इन बातों का रखें खास ख्याल

- कूलर एवं पानी की टंकियों को खाली कर साफ करें।

- सोते समय मच्छरदानी का उपयोग जरूर करें।

- घरों या आसपास जहां कहीं भी रुका व ठहरा पानी हो, उसे सुखा दें।

- गमलों के नीचे रखे बर्तनों में से पानी को नियमित सुखाएं

- पानी की टंकी के ढक्कन बंद रखें और सप्ताह में एक दिन इसको खाली करें।

- पुराने टायर, बर्तनों को हटा दें या फिर उनमें इकट्ठा पानी को सुखा दें।

- दरवाजों व खिड़कियों पर जाली लगवाएं।

- पूरी आस्तीन के कपड़े पहनकर रखें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें