दधेडू खुर्द के युवक की मुंबई में संदिग्ध हालात में मौत
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। दधेडू खुर्द के युवक की मुंबई में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह नशीले पदार्थ के साथ पकड़ा गया था। मुंबई पुलिस ने परिजनों को फोन कर बताया कि उसने क्वारंटीन केंद्र में आत्महत्या की है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
दधेडू खुर्द निवासी सुलेमान का बेटा नौमान काफी समय से बाहर काम करता है। विगत दिनों मुंबई पुलिस ने उसे नशीले पदार्थ के साथ पकड़ा था। उसे मुंबई में ही क्वारंटीन किया गया था। आठ अगस्त को मुंबई पुलिस ने यहां दधेडू आकर उसके मकान की तलाशी भी ली थी। पिता सुलेमान के अनुसार मुंबई पुलिस ने फोन कर बताया है कि नौमान ने जेजे अस्पताल के क्वारंटीन केंद्र में आत्महत्या कर ली। सुलेमान ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि नौमान एक हाथ से दिव्यांग था, वह फांसी लगा कर आत्महत्या कैसे कर सकता है। परिजन रविवार यानि आज शव लेने के लिए मुंबई जाएंगे।
कोरोना संक्रमित तीन मरीज नहीं मिले
मुजफ्फरनगर। स्वास्थ्य विभाग को कोरोना संक्रमित तीन मरीज नहीं मिल सके। देर रात वह तीनों लोगों को तलाश रहा था। शनिवार को 56 लोग पॉजिटिव आए। इनमें से 53 मरीजों को स्वास्थ्य विभाग ने ट्रेस कर लिया, जिन्हें आईसोलेट और कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया। मगर, तीन मरीज नहीं मिल सके। सीएमओ डॉ प्रवीण कुमार चोपड़ा ने बताया कि कुछ मरीजों का फोन बंद होने के कारण और एड्रेस सहीं नहीं दर्ज कराने के कारण उन्हें तलाशने में परेशानी होती है। ये तीनों मरीज भी ऐसे ही है, जिन्हें तलाश लिया जाएगा।