मुजफ्फरनगर। होली पर्व पर बसों व ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ रही। बसों में सीट पाने के लिए महिलाओं व बच्चों को परेशानी हुई। प्राइवेट बसों में ज्यादा भीड़ देखने को मिली। देहात क्षेत्र में चलने वाली बसों की छत पर बैठ कर लोगों ने यात्रा की। देर शाम डग्गामार वाहनों ने मनमाना किराया वसूला।
होली पर्व मनाने के लिए अपने घर जाने वाले महिला, पुरुष व बच्चों की भीड़ सुबह से ही रेलवे स्टेशन व बस अड्डों पर पहुंचनी शुरू हो गई थी। दूरदराज से चल कर आए परिवार के सदस्यों में बसों में सीट पाने के लिए आपाधापी रही। ट्रेनों में भी यही हाल था। दोपहर में तो भीड़ और भी बढ़ गई थी। प्राइवेट बसों में ज्यादा भीड़ देखने को मिली।
यात्रियों की भीड़ के मद्दनेजर परिवहन निगम अधिकारियों ने रोडवेज बसों के फेरे भी बढ़ाए हुए थे। शाम होेने पर देहात क्षेत्र में जाने वाली बसों की छत पर बैठ कर यात्रा की गई। डग्गामार वाहनों के चालकों ने भी भीड़ का फायदा उठाते हुए मनमाना किराया वसूल किया।
जीआरपी ने बरती सतर्कता, चेकिंग की
होली पर्व पर ट्रेनों में भीड़ को देखते हुए जीआरपी टीम ने सतर्कता बरती। टीम ने प्लेटफार्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहे लोगों को ट्रेन में चढ़ते समय सावधानी बतरने के लिए हिदायत दी। वहीं शराब की तस्करी के मद्देनजर ट्रेनों में चेकिंग भी की।
चालक- परिचालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच
परिवहन निगम अधिकारियों ने आदेश दिए थे कि होली पर्व पर कोई भी चालक व परिचालक शराब का सेवन कर डयूटी नहीं करेगा। पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी। इसी के चलते निगम के मुजफ्फरनगर डिपो की वरिष्ठ केंद्र प्रभारी पूनम देवी ने सुबह के समय ब्रेथ एनालाइजर से चालक परिचालकों की जांच पड़ताल कराई।
तीन ट्रेन पहुंची लेट
गोल्डन टेंपल एक घंटा, दिल्ली से सहारनपुर मेमो एक्सप्रेस एक घंटा, पुरी से ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन दो घंटे लेट पहुंची। जिस कारण रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
शामली रोड पर लगा जाम
मुजफ्फरनगर। शहर के शामली रोड बुढ़ाना मोड़ के पास सुबह से दोपहर तक जाम लगा रहा। यहां से दुपहिया व चौपहिया वाहन रेंगते हुए निकले। पुलिस को जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। दरअसल, होली पर्व पर डल्लू देवता की पूजा करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। काफी लोग अपने वाहनों पर आए थे और उनके वाहन सड़क किनारे खड़े थे। जिस कारण सडक पर जाम के हालात बन गए थे। दोपहर बाद यहां हालत में कुछ सुधार हुआ।