- रक्षा बंधन के चलते रविवार को भी खुलेंगे डाकघर
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। रक्षाबंधन के लिए डाकघरों से राखी पोस्ट करने के लिए भीड़ बढ़ना शुरु हो गई। बहनें अपने भाइयों के लिए डाक के माध्यम से राखियां भेज रही हैं। सुबह से ही डाक घरों में पोस्ट करने वालों की लंबी कतार लग जाती है। डाकघरों में अलग से खिड़की की व्यवस्था की गई है।
शिव चौक और नई मंडी स्थित डाकघर पर इन दिनों डाक से राखी भेजने वालों की भीड़ अधिक बढ़ गई है। शिव चौक स्थित डाकघर के पोस्ट मास्टर अनिल गर्ग ने बताया कि उनके यहां रोजाना 150 के करीब राखी पोस्ट की जा रही है। ऐसे में एक खिड़की पर केवल राखी पोस्ट करने के लिए व्यवस्था की गई है। उधर, नई मंडी डाकघर के मुख्य पोस्ट मास्टर मुकेश कुमार ने बताया कि उनके यहां रोजाना राखी के लगभग 250 डाक भेजे जा रहे हैं। सुबह दस से शाम पांच बजे तक खिड़की खुली रहती है। यहां दो खिड़की पर केवल राखी पोस्ट की जा रही है।
रविवार को भी केवल राखी के लिए खुलेंगे डाकघर
रविवार को भी डाकघर खुलेंगे। इस दिन केवल राखी ही डाक भेजी जाएगी। इसके अलावा अन्य कोई भी डाक नहीं भेजी जाएगी। बता दें कि इस बार 30 और 31 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जा रहा है।