मोरना। ब्रह्मलीन स्वामी ज्ञान भिक्षुकदास महाराज की पुण्यतिथि पर आयोजित सत्संग में अनुयायिकों का सैलाब उमड़ पड़ा। रात भर सत्संग के दौरान भजन कीर्तन और संतों के प्रवचन हुए। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने स्वामी भिक्षुक दास महाराज की समाधि पर प्रसाद चढ़ाकर बंदगी की। श्रद्धालु ढोलक की थाप पर मंगलगीत गाते व नृत्य करते हुए पहुंचे। कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और बिजनौर के नगीना से आसपा सांसद चंद्रशेखर भी कार्यक्रम में पहुंचे।
शुकतीर्थ स्थित अखिल भारतीय संत शिरोमणि रविदास सतगुरु समनदास आश्रम के पुजारी महात्मा मोनूदास ने आरती गाकर सत्संग का शुभांरभ किया। इस दौरान संदीपदास, सुंदरदास, राजकुमार ब्रह्मचारी, स्वामी श्रद्धादास हथनीकुंड हरिद्वार, ब्रजपाल टपरी, महात्मा रजादास शम्भूगढ़ ने श्रद्धालुओं को प्रवचन देकर धर्म की राह चलने का आह्वान किया। आश्रम प्रबंधक स्वामी गोरधनदास महाराज गुरूगद्दी की बंदगी कर टोकरी में रखे प्रसाद को सिर पर लेकर सत्संग पंडाल में पहुंचे और स्वामी समनदास जी महाराज की प्रतिमा को नमन करते हुए प्रसाद की टोकरी को उनके चरणों में रखा। इसके बाद अनुयायियों ने पूजा अर्चना कर संतों का आशीर्वाद लेकर उनके प्रवचनों को श्रद्धाभाव से सुना।
राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि शुकतीर्थ संतों की धरा है, जिस पर आस्था के समन्दर की बयार बह रही है। ब्रह्मलीन स्वामी समनदास महाराज के तप का बल है कि दूर-दराज से श्रद्धालु यहां आए हैं। आयोजन में बागेशदास, हरपाल दास, गुरूवचन, राजकुमार प्रधान, सेवादास, सत्यम, नवीन फौजी, प्रदीप दास, मनोज आदि का मुख्य सहयोग रहा।
बेगमपुरा के लिए शुरू करूंगा देश की यात्रा : चंद्रशेखर
नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि आज वह जिस मुकाम पर हैं, वह संतों व महापुरुषों का आशीर्वाद है। संत शिरोमणि स्वामी रविदास जी का सपना था बेगमपुरा बनाना। जहां किसी को कोई गम ना हो। सब समान रूप से रहें व किसी को कोई कष्ट न हो। मैं जल्द ही बेगमपुरा बसाने के लिए पूरे देश में यात्रा निकालकर संत रविदास जी का सपना साकार करूंगा।
पुलिस प्रशासन को आड़े हाथ लिया
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पर्याप्त व्यवस्था नहीं करने के लिए उन्होंने पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लिया। शुकतीर्थ में न ही सड़कें बनाई गई हैं और ना ही शौचालय हैं। पेयजल की व्यवस्था बहुत खराब है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष इस कार्यक्रम की पूरी तैयारियां सड़क, बिजली, पेयजल, ट्रेफिक, जनसुविधा इत्यादि प्रशासन पर दबाव बनाकर अपनी देखरेख में कराएंगे।
सच्चे अर्थों में संत थे समनदास : भारती
उत्तर प्रदेश सचिवालय संघ के अध्यक्ष व गृह विभाग उप सचिव अर्जुनदेव भारती ने सतगुरु समनदास जी महाराज को स्मरण करते हुए कहा कि वह सच्चे अर्थों में संत थे। समनदास जी महाराज की संत विरासत को महात्मा गोरधनदास बखूबी चला रहे हैं ।अनुसूचित जाति के लोगों को सतगुरु समनदास जी महाराज के बताए मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए।