घायल को एंबुलेंस में ले जाते स्थानीय लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
तिर्वा-कन्नौज पर यात्रियों को लेकर आ रहे टेंपो ने गंधरापुर रोड पर साइकिल सवार युवक को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अनियंत्रित टेंपों खड्ड में पलट गया। इससे दो परिवारों के पांच लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने शव उठाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने शव नहीं उठने दिया। इसके बाद सदर विधायक के आश्वासन पर परिजनों ने शव उठने दिया। इधर, चालक टेंपो छोड़कर फरार हो गया।
बुधवार शाम 7 बजे के करीब तिर्वा से यात्रियों को बैठाकर एक टेंपो कन्नौज आ रहा था। गंधरापुर रोड के पास साइकिल सवार नसरापुर गांव निवासी कमलेश (25) पुत्र राधेश्याम सड़क क्रास कर रहा था। इसी दौरान टेंपो ने साइकिल को टक्कर मार दी। इससे कमलेश घायल होकर टेंपो के साथ खड्ड में जा गिरा। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर टेंपो में फंसे तिर्वा निवासी श्याम बाबू (65) उनकी पत्नी राजबाला गुप्ता (60), कन्नौज निवासी बाबूलाल (55) उनकी पत्नी रामश्री (50) व पुत्र हरिकिशोर (22) को बाहर निकाला।
उधर, दुर्घटना के बाद चालक टेंपो छोड़कर मौके से भाग निकला। सूचना पाकर चीता मोबाइल पुलिस मौके पर पहुंची। उधर सूचना पर 108 एंबुलेंस की तीन गाड़ियां घटना स्थल पर पहुंची। घायलों को निजी वाहनों व एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती में कराया गया। सूचना पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पहुंचे। जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव उठाने का प्रयास किया तो परिजनों ने विरोध शुरू कर दिया। जानकारी होने पर सदर विधायक मौके पर पहुंचे। विधायक के अश्वासन पर मृतक के बड़े भाई ने पुलिस को शव सौंप दिया।