सिविल लाइन क्षेत्र के सदर बाजार में धामपुर से दवाई लेने आई युवती का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। युवती के भाई ने सिविल लाइन थाने में तहरीर देकर बहन को बरामद करने की गुहार लगाई है। उसका कहना है कि एक युवक अन्य साथियाें के साथ अपहरण करके ले गया है। अपहरण की सूचना और दो संप्रदाय से जुड़ा मामला होने पर पुलिस में अलर्ट तो हो गई। लेकिन काफी तलाश के बाद भी युवती को बरामद नहीं कर पाई।
युवती के भाई के मुताबिक अपहरण की घटना 26 मई की है। पहले परिजन अपने स्तर पर ही युवती को खोजने के प्रयास करते रहे। उसके न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस उसे बरामद करने के प्रयास कर रही है।
बिजनौर के धामपुर निवासी एक युवती का यहां सदर बाजार में एक डॉक्टर के यहां उपचार चल रहा है। पीड़ित के अनुसार वह परिवार के साथ अपनी बहन को डॉक्टर के यहां दिखाने के लिए लाया था। डाक्टर को दिखाने के दौरान परिवार के लोग नर्सिंगहोम में स्थित मेडिकल स्टोर पर खड़े थे।
चेकअप कराने के बाद युवती बाहर आई तो धामपुर निवासी आरोपी अंकुर अपने साथियों के साथ वहां आया और उसकी बहन का अपहरण कर ले गया। पीड़ित पक्ष ने शोर मचाते हुए उसका पीछा भी किया। लेकिन आरोपी उसकी बहन को लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने सिविल लाइन में तहरीर देकर बहन की बरामदगी की गुहार लगाई। अपहरण और मामला दो संप्रदाय से जुड़ा होने का पता चलने पर पुलिस में हड़कंप मच गया।