पुलिस गिरफ्त में आया पत्नी का हत्यारोपी।
- फोटो : अमर उजाला
खतौली के अंतवाड़ा गांव में पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी पति को पुलिस ने मेरठ अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पति ने गृह क्लेश के चलते पत्नी की हत्या करने की बात कबूली है। बताया कि पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने खुद को गोली मारकर घायल कर लिया था।
अंतवाड़ा गांव में 15 मार्च की देर रात बेबी पत्नी अंकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस को मौके पर पति भी जांघ में गोली लगने से घायल अवस्था में मिला था। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर उसका पोस्टमार्टम कराया था और घायल को मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया था। मृतका के पिता धीर सिंह ने दामाद अंकुर और उसकी मां मुनेश पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर दी थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। सभी तथ्य पति की ओर इशारा कर रहे थे।
मंगलवार दिन में पुलिस ने अंकुर को मेरठ अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका उसकी कोई बात नहीं सुनती थी। आए दिन घर में कलह रहती थी। दो-दो महीने वह अपने मायके में रहकर आती थी। बार-बार हरियाणा में नौकरी पर साथ रहने की जिद करती थी। घर का क्लेश बढ़ता जा रहा था। परेशान होकर 15 मार्च की रात उसने तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद को गोली मारकर घायल किया था। कमरे के सामान को अस्त-व्यस्त कर मामले को लूट की तरफ घुमाने का प्रयास किया था। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है।
पत्नी की हत्या में नामजद पति को जेल भेजा
मंसूरपुर के गांव जड़ौदा में हापुड़ के गांव नानूपुर निवासी निर्दोष पुत्र तुलीचंद अपनी पत्नी शर्मिला के साथ किराए के मकान में रहता था। निर्दोष किसी फैक्ट्री में नौकरी करता था। 5 अक्तूबर 2016 में निर्दोष ने घरेलू कलह के चलते अपनी पत्नी शर्मिला पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा दी थी। आग में झुलसी महिला की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी। मृतका के भाई मेरठ के परीक्षितगढ़ निवासी सुशील ने अपने बहनोई निर्दोष के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी घटना के दिन से ही फरार चल रहा था। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।