धर्मपुर चौकी क्षेत्र के गांव औरंगाबाद कसेर स्थित एक आम के बाग में मंगलवार सुबह अज्ञात महिला और करीब पांच वर्षीय बच्चे का अधजला शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि दोनों की हत्या के बाद शव को फेंका गया है।
पुलिस को शव के पास से शिनाख्त संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला है। सूचना पर एसएसपी सोनिया सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है।
गांव औरंगाबाद कसेर में जय सिंह व द्वारिका प्रसाद का आम का बाग है। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे बाग में काम करने वाले मुन्ना बाबू को एक महिला और बच्चे का अधजला शव मिला। मुन्ना ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जाकर देखा कि दोनों शव एक-दूसरे से करीब तीन मीटर दूरी पर पड़े थे।
हत्यारों ने शिनाख्त मिटाने के लिए महिला का चेहरा और पेट पूरा जला हुआ था। लड़के का भी चेहरा जलाया गया था। महिला की उम्र करीब 30 वर्ष और बच्चे की उम्र करीब पांच वर्ष बताई जा रही है। महिला के कानों में बाली और पैरों में बिछुवे थे। शव के पास में पेट्रोल की खाली बोतल व पचास रुपये पुलिस को मिले है।
जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ घटना स्थल पर एकत्र हो गई। सूचना पर फॉरेंसिक टीम ने मौका-ए-वारदात से सबूतों को एकत्र किया। इसके बाद दोपहर में एसएसपी सोनिया सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। सीओ दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि शवों के पास से कोई शिनाख्त संबंधी दस्तावेज नहीं मिला है जिसके चलते शिनाख्त नहीं हो पाई है।
हालांकि वेशभूषा से ऐसा लग रहा है कि ये लोग किसी रिश्तेदारी में शामिल होने आए थे। महिला के शरीर पर नीला कुर्ता और क्रीम कलर की सलवार थी। हाथों में नारंगी और नीले रंग की चूड़ियां थीं जिससे वह सामान्य परिवार की लग रही थी। वहीं बच्चे के शरीर पर नीली जींस थी।
सीओ ने बताया कि नजदीक के थानों में दर्ज गुमशुदगी का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। आशंका यह भी जताई जा रही है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया हो।
युवक की गोली मारकर हत्या
खुर्जा(ब्यूरो) । कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मदार दरवाजा में बदमाशों ने युवक को गोली मार दी। आनन-फानन में युवक को कैलाश अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत में युवक को अलीगढ़ मेडिकल के लिए रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार रात करीब 10.30 बजे मोहल्ला सराय नसरुल्ला निवासी हसीबुल रहमान (35) पुत्र हबीब दूध लेने के लिए मदार दरवाजा आया था। दूध लेने के बाद वह वापस अपने घर जा रहा था।
इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गोली उसके पेट में लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। उधर गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल हसीबुल को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर मेडिकल सेंटर अलीगढ़ रेफर कर दिया। देर रात करीब एक बजे उपचार के दौरान हसीबुल की मौत हो गई। हसीबुल की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हत्या के कारणों का अभी कुछ पता नहीं चल सका है। परिजन भी कुछ नहीं बता पा रहे है। उधर मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।