हाइवे स्थित गांव महेशपुरा में कार की टक्कर से जत्थे का एक कांवड़िया जख्मी हो गया। इससे भड़के साथी कांवड़ियों ने प्रदर्शन कर जाम लगा दिया। कांवड़ियों के तेवर देखकर कोतवाल बीएस धौनी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीएचसी में इलाज कराकर पुलिस के साथ जख्मी कांवड़िये के पहुंचने पर जाम खोला गया। इससे घंटे भर तक हाइवे जाम रहा।
यूपी के गांव राठ (बहेड़ी) के 52 कांवड़ियों का जत्था महंत राजेश की अगुवाई में शुक्रवार को हरिद्वार से लौट रहा था।
रुद्रपुर हाइवे स्थित गांव महेशपुरा में एक आल्टो कार ने कावड़ियों के जत्थे को टक्कर मार दी। इसमें यूपी के गांव राठ बहेड़ी निवासी शिव भोला राजू घायल हो गया। साथी कांवड़िये जब तक कुछ समझ पाते कि कार चालक घायल कांवड़िये को अपनी कार से बाजपुर सीएचसी लेकर चला गया। कांवड़िए का इलाज कराकर कार चालक खिसक गया। उधर, घटना से भड़के कांवड़ियों ने हाईवे पर कांवड़ रखकर जाम लगा दिया।
सूचना पर कोतवाल बीएस धौनी, एसआई मनीष खत्री, एसआई टीसी जोशी, एसआई आशुतोष कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कोतवाल धौनी ने कांवड़ियों को समझाने की कोशिश की। पुलिस और कांवड़ियों के बीच तीखी झड़प हो गई। बाद में इलाज के बाद कांवड़िये को मौके पर लाया गया। खबर मिलते ही विहिप जिला मंत्री यशपाल राजहंस, जिला उपाध्यक्ष भगवंत मियान, चरनजीत शर्मा सहित कई कार्यकर्ताओं ने कांवड़ियों का समर्थन किया। मौके पर तेजपाल, मोहित, विजेंद्र, प्रमोद, विक्की, बबलू, राकेश, राजा, नरेश, शक्तिमान, करूण, गब्बर आदि थे।
पुलिस सुरक्षा में किया जत्थे को रवाना
जाम खुलने के बाद कावड़ियों के जत्थे को पुलिस सुरक्षा में रवाना किया गया। कोतवाल धौनी पुलिस बल के साथ एक किमी दूर जत्थे को छोड़कर आये। विहिप ने कोसी पुल से लेकर केलाखेड़ा तक हाइवे पर कावड़ियों की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।