मुजफ्फरनगर में भाजपा नेता राजा वाल्मीकि की गोली मारकर हत्या करने वाले फरार शूटर विपुल खूनी पर डीजीपी ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। मुजफ्फरनगर और शामली पुलिस विपुल खूनी को पकड़ने में जुटी है।
मोहल्ला देवीदास निवासी भाजपा नेता राजा वाल्मीकि की पांच अप्रैल की सुबह बाइक सवार तीन हमलावरों ने होली चौक पर गोली मार कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने 26 अप्रैल को मोहल्ला जैननगर निवासी बदमाश दानिश पुत्र नूर मोहम्मद को गिरफ्तार हत्याकांड का खुलासा कर दिया था। राजा वाल्मीकि की हत्या करने में जिला शामली के गांव भभीसा निवासी कुख्यात शूटर विपुल खूनी का हाथ था। शूटर अभी तक पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका है। शासन के आदेश पर शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक सुलखान सिंह ने फरार विपुल खूनी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। राजा हत्याकांड में नामजद आरोपी राजू वाल्मीकि बृहस्पतिवार को कोर्ट में सरेंडर करने पर जेल जा चुका है। पुलिस बदमाश दानिश को पूर्व में ही जेल भेज चुकी है। नामजद आरोपी गौरा एनएसए में जेल में बंद है। पुलिस विपुल को पकड़ने के लिए तलाश में जुटी है।