राशन कार्ड की लिस्ट में शामिल नामों की जांच पड़ताल के दौरान पूर्ति निरीक्षक के सामने ही प्रधान और राशन डीलर के पुत्र सहित दूसरे पक्ष के बीच भिड़ंत हो गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने ग्राम प्रधान के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी है। प्रधान ने पुलिस को नामजद तहरीर दे दी है।
गांव रसूलपुर कैलारा के प्रधान रामपाल सिंह के साथ एक पखवाड़े पूर्व गांव के लोगों ने तहसील में एसडीएम बाबूराम का घेराव कर राशन डीलर पर राशन नहीं देने तथा लिस्ट में अपात्रों के नाम शामिल किए जाने की शिकायत की थी। इस दौरान एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक दीपांकर शर्मा को जांच पड़ताल करने के निर्देश दिए थे।
मंगलवार को पूर्ति निरीक्षक टीम के साथ गांव में जांच पड़ताल करने पहुंचे। आरोप है कि जांच के दौरान प्रधान रामपाल सिंह और राशन डीलर के पुत्र नितिन व विपक्षी लोगों के बीच राशन कार्डों की लिस्ट की जांच को लेकर पूर्ति निरीक्षक के सामने ही आपस में कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद ये लोग आपस में भिड़ गए। राशन डीलर के पुत्र व विपक्षी लोगों ने प्रधान के साथ मारपीट कर दी।
प्रधान का आरोप है कि आरोपियों ने उसको जान से मारने की धमकी भी दी है। मारपीट के दौरान पूर्ति निरीक्षक जांच बीच में ही छोड़कर लौट गए। प्रधान ने पुलिस को आरोपियों के विरुद्ध नामजद तहरीर दे दी है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।