मुजफ्फरनगर नई मंडी कोतवाली पुलिस ने शनिवार रात जटमुझेड़ा में युवक सतीश की हत्या के मामले में एक ही परिवार के चार लोगों सहित सात आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर दी है। पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एहतियाती तौर पर गांव में पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
बता दें कि जट मुझेड़ा गांव में शनिवार रात सतीश कुमार (30) पुत्र रणधीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस को देखकर आरोपी पक्ष के लोग भाग गए थे। रात में ही पुलिस ने मृतक के भाई प्रदीप की तहरीर पर सात आरोपियों के खिलाफ बलवा और हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर दी।
आरोपियों में गांव निवासी सगे भाइयों अमित एवं मनोज और धीर सिंह, सुशील पुत्र राम सिंह, हरेंद्र पुत्र मदन, प्रमोद पुत्र होराम शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने दो मुख्य आरोपी हिरासत में लिए हैं। मगर पुलिस अभी इसका खुलासा नहीं कर रही है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
वादी पक्ष ने कहा, पानी न देने पर की फायरिंग
वादी पक्ष की ओर से यह भी कहा गया है कि उनकी जटमुझेड़ा में हलवाई की दुकान है। शनिवार रात धीर सिंह पक्ष के नामजद आरोपी दुकान पर आए और कहने लगे कि सतीश ने कल रात मांगने पर भी पानी नहीं दिया था। इसके चलते आरोपी सतीश को जबरदस्ती दुकान से खींचकर सड़क पर ले गए।
आरोप है कि अमित और मनोज ने तमंचा निकालकर गोलियां बरसाकर सतीश की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी हवा में फायरिंग करते हुए मौके से भाग गए। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि पूरी पड़ताल के बाद ही पता चलेगा कि हत्या की वजह पानी वाला मामला है या फिर लेनदेन जैसी कोई स्थिति।
पांच के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
गांव सिकरेड़ा में प्रापर्टी डीलर की हत्या के मामले में मृतक के भाई ने अज्ञात पांच बदमाशों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। थाना सिखेड़ा के गांव सिकरेड़ा निवासी भूषण पुत्र गेंदा सिंह व प्रापर्टी डीलर का काम करता था। शनिवार शाम पांच बजे के करीब भूषण अपने घर के सामने साथी गांव कूकड़ा निवासी रामपाल के साथ खड़ा था। इसी दौरान दो बाइकों पर पांच बदमाश वहां आए। इन बदमाशों ने बाइक रोकते ही ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर कर दी।
गोली लगने से भूषण की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि रामपाल गंभीर रूप से घायल हो गया था। रविवार को मृतक के भाई कालूराम ने थाने में पांच अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत कराया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव का शुक्रताल में ले जाकर परिजनों व ग्रामीणों ने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।