मंसूरपुर में बदमाशों ने चालक को गन प्वाइंट पर लेकर ट्रक और 50 हजार रुपये लूट ली। बदमाश चालक के हाथ, पांव बांधकर बुढ़ाना क्षेत्र में ईख के खेत में डालकर फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक में लगे जीपीआरएस की मदद से संभल में लूटा गया ट्रक व बदमाशों को पकड़ लिया है।
मंसूरपुर के गांव पुरबालियान निवासी चालक इमरान पुत्र इरशाद मुजफ्फरनगर के मोहल्ला लद्दावाला निवासी सिकंदर का ट्रक चलाता है। बुधवार की सुबह राणा चौक से चालक इमरान को सामान भरना था। मालिक ने चालक को 50 हजार रुपये भी खर्चे के लिए दिए थे। इसलिए चालक ट्रक को लेकर अपने गांव पुरबालियान में चला आया। मंगलवार की रात को चालक इमरान ट्रक में ही सो गया। रात के समय पांच बदमाशों ने चालक को सोते हुए उठाया और गन प्वाइंट पर लेकर उससे पचास हजार रुपये और ट्रक लूट लिया।
बदमाश चालक को अपने साथ ही ट्रक में लेकर चल दिए और बुढ़ाना क्षेत्र के गांव कुरथल के जंगल में ईख के खेत में हाथ व पांव बांधकर चालक को डालकर ट्रक लेकर फरार हो गए। चालक को बदमाशों द्वारा खेत में डालते हुए किसी ग्रामीण ने देख लिया था। उस ग्रामीण ने इसकी जानकारी गांव में पहुंचकर ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से रात में ही चालक को सकुशल बरामद कर लिया।
चालक ने पुलिस को लूट की घटना के बारे में जानकारी दी। लूट की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने वायरलेस के जरिए घटना को प्रसारित कर दी। ट्रक में जीपीआरएस लगा हुआ था। उसी जीपीआरएस की मदद से संभल पुलिस ने ट्रक सहित बदमाशों को पकड़ लिया। बुधवार की सुबह परिजनों को ट्रक व इमरान के नहीं मिलने पर उनमें में दहशत व्याप्त हो गई थी।
चालक के सकुशल मिलने का पता लगने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। लूट की घटना की सूचना मिलने पर बुधवार की सुबह सीओ हरिराम यादव ने चालक के गांव में पहुंच कर परिजनों से घटना के बारे में पूछताछ की। सीओ हरिराम यादव कहना है कि बदमाशों के पकड़े जाने की सूचना मिली है। संभल पुलिस ने बदमाशों से ट्रक भी बरामद कर लिया है। इसके बावजूद इस घटना की जांच पड़ताल कराई जाएगी।