स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के दिलावरपुर मोहल्ले में सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को रोकने पहुंचे लेखपाल को बुधवार को मनबढ़ों ने पीट दिया। पीड़ित लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामदज समेत 15 के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एहतियात के तौर पर मोहल्ले में पीएसी तैनात कर दी गई है।
दिलावरपुर में सरकारी भूमि पर बाउंड्री वाल का निर्माण करए जाने की खबर पर ग्रामीणों ने तहसील के अधिकारियों डीएम को भी पिछले दिनों दिया था। डीएम के निर्देश पर तहसीलदार केडी शर्मा ने रविवार को निर्माण कार्य रोकवा दिया था। मंगलवार को दोबारा निर्माण शुरु कराए जाने की सूचना पर तहसीलदार ने महेंद्र यादव को पुलिस बल के साथ भेजा। लेखपाल मौके पर पुहंचे तो वहां लोगों की भीड़ लगी थी।
वह समझाने बुझाने का प्रयास कर रहे थे तभी कुछ लोगों ने लेखपाल की पिटाई कर दी। आरोप है कि लेखपाल के पास से मोबाइल और अन्य कागजात भी मनबढ़ों ने छीन लिया। मोहल्ले में तनाव को देखते हुए देर रात ही सर्किल के सभी थानों की फोर्स व पीएसी बुला ली गई। लेखपाल पर हमले की सूचना पाते ही बुधवार को सुबह काफी संख्या में नागरिक व राजस्व विभाग के कर्मचारी थाने पहुंच गए। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। एसपी ग्रामीण और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सत्येंद्र सिंह ने भी मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।