मंसूरपुर। गांव मुबारिकपुर में कई दिन से क्रय केंद्रों पर गन्ने की तौल नहीं होने से क्षुब्ध होकर बीएसएनएल के टॉवर पर चढ़कर तीन किसानों ने आत्महत्या करने का प्रयास।
ग्रामीणों ने बमुश्किल समझाबुझाकर किसानों को टावर से नीचे उतारे। इसके बाद किसानों ने बैठक करके आरपार की लड़ाई का निर्णय लिया गया। किसानों ने यह भी निर्णय लिया कि मुजफ्फरनगर में 18 नवंबर को मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी को काले झंडे दिखाए जाएंगे।
बता दें कि गांव मुबारिकपुर में मिल मंसूरपुर के तीन गन्ना क्रय केंद्र हैं, जिनमें गन्ना ले जाने के लिए गांव से दो रास्ते हैं। कुछ ग्रामीणों ने रास्ते में अतिक्रमण कर रखा है।
इस कारण मिल के गन्नों से भरे ट्रैक्टर ट्राली इन रास्तों से होकर नहीं जा पाते पा रहे हैं। गांव अलियारपुर के रास्ते में गांव के अंदर विद्युत लाइन बहुत नीचे हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग को लाइन ऊपर करने के लिए कहा, तो एक्सईएन ने कहा की लाइन ऊपर नहीं की जाएगी। इसी कारण गांव के गन्ना क्रय केंद्रों पर कई दिन से तौल बंद पड़ी है।
गन्ना तौल बंद होने से किसान परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो गए हैं. जिसको लेकर बीएसएनएल टावर पर तीन किसान आत्महत्या करने को ऊपर चढ़ गए। ग्रामीणों ने तीनों किसानों को बमुश्किल नीचे उतारा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे मिल के जीएम केन बलधारी सिंह को किसानों का विरोध झेलना पड़ा।
किसानों का कहना था कि वे किसी बड़े अधिकारी से ही बातचीत करेंगे। इसके बाद किसानों व ग्रामीणों की बैठक हुई. जिसमें सर्वसम्मति से प्रशासन व मिल प्रशासन से आरपार की लड़ाई लडने का निर्णय लिया।