पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से पेट्रोल पंप से लूटी गई रकम से 16 हजार रुपये की नगदी बरामद की है। इन बदमाशों ने तीन लूट की घटनाओं को कबूूल किया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से तमंचों व कारतूस के अलावा चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी हरिराम यादव ने कोतवाली में पत्रकारों को बताया कि 17 अगस्त को शाम के करीब 5.30 बजे मुखबिर द्वारा पुलिस को सूचना मिली की गंगनहर पटरी पर रेलवे पुल के नीचे तीन संदिग्ध व्यक्ति बैठे हैं। सूचना पर इंस्पेक्टर पंकज कुमार त्यागी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को पता चला कि तीनों बदमाश लूटपाट करने की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने रात के करीब 8.45 बजे मुठभेड़ के दौरान तीनों बदमाशों को पकड़ लिया।
सीओ ने बताया कि पूछताछ के दौरान बदमाशों ने अपने नाम थाना रतनपुरी के गांव नंगला भनवाड़ा व हाल निवासी आलू मिल खतौली निवासी वसीम पुत्र रहीसूददीन, मोहल्ला सैनीनगर निवासी प्रवीन पुत्र संतराम हरिजन व मोहल्ला इस्लामनगर निवासी शादाब पुत्र साबूदीन बताए हैं। बदमाश शादाब व प्रवीन ने कबूल किया कि इन्होंने 16 अगस्त को गंगनहर पुल के पास पेट्रोल पंप के मुनीम रमेश तिवारी व सेल्समैन रवि से तीस हजार रुपयों की नगदी से भरा थैला लूट लिया था।
14 अगस्त को तीनों बदमाशों ने मिलकर मोहल्ला देवीदास निवासी अमरचंद से दो हजार रुपये की नगदी लूट ली थी। इन बदमाशों ने एक लूट रतनपुरी क्षेत्र में की थी। पुलिस ने बदमाशों से मुनीम व सेल्समैन से लूटी गई 16 हजार रुपये की नगदी, दो तमंचे, कारतूस सहित एक चाकू बरामद किया है। पुलिस ने तीनों बदमाशों को जेल भेज दिया है। टीम में इंस्पेक्टर पंकज कुमार त्यागी, एसआई जितेंद्र कुमार, एसआई क्षितिज कुमार, एसआई अजय कुमार, कांस्टेबिल जगदीश पुनिया, सोहनवीर, संजय, चालक संजय कसाना शामिल रहे।
तीन दिनों से रेकी कर रहे थे बदमाश
सीओ हरिराम यादव ने बताया कि बदमाश शादाब व प्रवीन पेट्रोल पंप के मुनीम को लूटने के लिए तीन दिनों से रेकी कर रहे थे। मुनीम व सेल्समैन की गई लूट में सिर्फ शादाब व प्रवीन था। प्रवीन बाइक चला रहा था और दोनों ने हेलमेट पहने हुए थे। ये तीनों बदमाश आम रास्तों पर राहगीरों से लूटपाट करने के बाद उनके वाहन तक लूट लेते थे। इनके खिलाफ थाना खतौली में 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सीओ ने सीसीटीवी कैमरे सही रखने को कहा
सीओ हरिराम यादव ने बताया कि उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप एसोसिएशन के पदाधिकारियों से कहा है कि लूट वारदात रोकने के लिए पेट्रोल पंपों पर अपने सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त करने को कहा है। इसके लिए एसोसिएशन की बैठक भी बुलाई गई है।