दधेडू-लुहारी रजवाहे पर बीमार दंपति से कुंडल और नगदी लूट कर भागने वाले बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से काली पल्सर, कोतवाली क्षेत्र से लूटी बाइक और तमंचा बरामद किया है। पकड़े गए बदमाशों ने लूटपाट की कई घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है।
रविवार सुबह लुहारी खुर्द निवासी विकास बाइक से मुजफ्फरनगर की तरफ जा रहा था। दधेडू के निकट तीन बदमाशों ने तमंचों से आतंकित कर विकास से नगदी छीन ली और विरोध करने पर मारपीट की। बदमाशों के छूटने के बाद विकास ने गांव में सूचना दे दी,
लेकिन इससे पूर्व लुहारी खुर्द निवासी शिवकुमार सैनी अपनी बीमार पत्नी सुरेखा को लेकर मुजफ्फरनगर जा रहा था। बदमाशों ने महिला के कानों के कुंडल और पांच हजार रुपये लूट लिए। सूचना पर एसएचओ कमल सिंह चौहान और दधेडू चौकी से प्रभारी रवींद्र तेवतिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
उधर, प्रधान पति तमरेज के नेतृत्व में ग्रामीणों ने घेराबंदी कर ली, लेकिन बदमाश जंगल में घुस गए। पुलिस ने ग्रामीणों को खेतों के बाहर चारों तरफ लगा दिया और खुद कांबिंग करने जंगल में घुस गई। दरोगा योगेंद्र सिंह और सिपाही राजकिशोर ने दो बदमाशों को पकड़ लिया। एक बदमाश ने भागने की कोशिश की, लेकिन वह भी पकड़ा गया। पकड़े गए बदमाश तितावी थाना क्षेत्र के बघरा निवासी इकराम, शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव हरसौली निवासी इंतजार और हरीश हैं।
बदमाशों ने जून में कोतवाली क्षेत्र में शाहनवाज से हुई बाइक लूट और एक पखवाड़े पूर्व पावटी क्षेत्र में बुढ़ाना के गांव विज्ञाना निवासी इसराना को घायल कर कुंडल लूटने की घटना स्वीकार की। लुहारी खुर्द निवासी दंपति से हुई लूटपाट में कुंडल, नगदी और कोतवाली क्षेत्र से लूटी बाइक बरामद कर ली है।