खतौली। पुलिस ने बलवा के नामजद आरोपी पूर्व सभासद के पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की दुकान में दबिश देकर तमंचा, कारतूस भी बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश में उनके मकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी।
मोहल्ला सराफान व देवीदास में पिछले माह मामूली कहासुनी को लेकर दोनों संप्रदाय के लोगों के बीच गोलियां और पथराव हो गया था। पथराव में एक दारोगा सहित तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए थे। पुलिस प्रशासन ने बामुश्किल स्थिति को संभाल लिया था। पुलिस ने उस वक्त दोनों संप्रदायों के लोगों के खिलाफ बलवा की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया था।
पुलिस मोहल्ला सराफान निवासी पूर्व सभासद मोहम्मद जाहिद सहित दो नामजद आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस ने बुधवार रात को मोहल्ला सराफान में नामजद आरोपी पूर्व सभासद मोहम्मद जाहिद के पुत्र चांद को गिरफ्तार कर लिया।
इसके अलावा मोहल्ला सराफान और देवीदास में भी पुलिस ने नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए ताबड़तोड़ दबिश दी। दबिश के दौरान अन्य आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आ सके। पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी चांद की नोजिल पिलेंजर की दुकान में दबिश दी। दबिश के दौरान पुलिस को दुकान के अंदर से एक तमंचा व तीन-चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
बाइक सवार बदमाश फरार
खतौली। गांव भंगेला की किसान सेवा सहकारी समिति के कर्मचारी रामसूरत ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह बृहस्पतिवार शाम को साइकिल द्वारा समिति से आ रहा था। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश आए। इन बदमाशों ने साइकिल के पीछे कैरियर में एक बैग दबा हुआ था। बदमाश उस बैग को लेकर फरार हो गए। बैग में दवाई के अलावा समिति के जरूरी कागजात थे।