फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांच लाख की सुपारी पर भाड़े के शूटरों ने की थी पूर्व प्रधान की हत्या

Tue, 05 Sep 2017 12:25 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
पूर्व प्रधान की हत्या का खुलासा करते एसएसपी अनंतदेव। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सीकरी के पूर्व प्रधान मोहम्मद अम्मार की हत्या विपक्षियों ने पांच लाख रुपये की सुपारी तय कर भाड़े के शूटरों से कराई थी। जेल में बंद शातिर पूर्व प्रधान जमशेद ने हत्या का षड्यंत्र रचा था। शहर कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ के दौरान हत्या करने वाले चार शूटरों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया है। पकड़े गए बदमाशों से कार, हत्या में प्रयुक्त पल्सर बाइक और भारी मात्रा में अवैध असलहा बरामद हुए हैं। 
विज्ञापन


एसएसपी अनंत देव ने पुलिस लाइंस के सभाकक्ष में पत्रकारों को मोहम्मद अम्मार हत्याकांड के खुलासे की जानकारी दी। बताया कि भोपा के गांव सीकरी में मोहम्मद अम्मार प्रधान और जमशेद प्रधान के बीच चुनावी रंजिश चल रही है। इसी रंजिश में 16 अक्तूबर 2015 को सीकरी में तस्लीम पुत्र जाहिद की हत्या कर दी गई थी, जिसमें जमशेद, गुलसनव्वर, नौशाद पुत्रगण इशरत, मनव्वर पुत्र भोला, नदीम पुत्र बशीरु जेल में बंद हैं।

तस्लीम हत्याकांड की पैरवी अम्मार प्रधान कर रहा था। इसी रंजिश के कारण 22 अगस्त को शहर के मोहल्ला आर्यपुरी में दिनदहाड़े अम्मार प्रधान की हत्या कर दी गई। इसके बाद विपक्षियों ने 30 अगस्त को सीकरी में कसीम पर फायरिंग की और अगले ही दिन 31 अगस्त को सीकरी में लुत्फुर्रहमान की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। ये सभी वारदातें जेल में बंद जमशेद प्रधान ने षड्यंत्र रचकर कराई हैं। 
विज्ञापन


मुठभेड़ में चार शूटर दबोचे 
एसएसपी ने बताया कि अम्मार हत्याकांड के खुलासे के लिए शहर कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच को लगाया गया था। टीम ने एक सूचना के आधार पर काली नदी पुल के पास से मुठभेड़ के दौरान चार शूटरों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए बदमाशों संदीप पुत्र श्याम सिंह निवासी कंजरहेड़ी, बाबरी शामली, राहुल उर्फ कपिल उर्फ फौजी पुत्र सुरेंद्र निवासी भनेड़ा जट, शामली, आमिर उर्फ छोटे पुत्र जफरयाब निवासी चुड़ियाला, मीरापुर और बिजेंद्र उर्फ गौरी पुत्र श्यामा निवासी दौलतपुर, सिखेड़ा से एक कार, हत्या में प्रयुक्त  बाइक, एक पिस्टल, तीन तमंचे, काफी कारतूस, पांच मोबाइल आदि बरामद किए। 

पांच लाख की सुपारी की थी तय 
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए शूटरों ने पूछताछ में अम्मार प्रधान की हत्या करने का इकबाल किया। जेल में बंद जमशेद ने हत्या का षड्यंत्र रचा था। उसका भाई दिलशाद इन शूटरों से मिला था। कहा कि अम्मार प्रधान की हत्या कर दो तो पांच लाख रुपये तुम्हें दूंगा। साथ ही जब जमशेद जेल से छूटकर प्रधान बनेगा तो ग्राम सभा से संबंधित ठेकेदारी का भी ठेका दिला दूंगा। 

वारदात से पहले की गई थी रेकी
सीकरी के पूर्व प्रधान अम्मार की रैकी करने के बाद पूरी योजना बना कर हत्या की गई थी। रंजिश के चलते अम्मार प्रधान मोहल्ला लद्दावाला में रह रहा था। दिलशाद को पता था कि 22 अगस्त को तस्लीम हत्याकांड की कोर्ट में तारीख है और अम्मार प्रधान कोर्ट जाएगा। सभी शूटर कार लेकर पहले ही शहर आ गए थे। बिजेंद्र उर्फ गौरी ने पल्सर बाइक उपलब्ध कराई। दिलशाद मौहल्ला लद्दावाला में ही शूटरों के साथ था। जब अम्मार स्कूटी लेकर घर से निकला, तो दिलशाद ने शूटरों को अम्मार को दिखाया। शूटर मकान से ही उसके पीछे लग गए। आमिर बाइक चला रहा था। संदीप बीच में बैठा था और राहुल उर्फ कपिल पीछे बैठा था। जैसे ही आर्यपुरी में सुनसान जगह मिली राहुल ने पिस्टल से अम्मार प्रधान पर चार गोलियां चलाईं, जिनमें से तीन गोली लगने से उसकी मौत हो गई। 

सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हत्यारोपी 
आर्यपुरी में घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में हत्यारे कैद हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज के जरिए ही शूटरों की पहचान की। 

हत्या के बदले कराई हत्या  
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए शूटर शातिर अपराधी हैं। संदीप की जान-पहचान पहले से शातिर जमशेद प्रधान सीकरी से थी। संदीप की बहन बागपत के गांव लदवाड़ी में रहती है। जमीन को लेकर उसका अपने देवर जितेंद्र से विवाद चल रहा था, तब संदीप ने जमशेद से मिलकर जितेंद्र की हत्या करने की बात कही थी। जिस पर जमशेद के भाई नौशाद ने बागपत जाकर जितेंद्र की हत्या की थी।

अब जमशेद जेल में बंद है। उसने अपने भाई दिलशाद से संदीप से मिलने को कहा था। यह भी संदेश भिजवाया कि समय पड़ने पर हमने तुम्हारे दुश्मन की हत्या की थी, अब इसके बदले तुम हमारे दुश्मन अम्मार प्रधान की हत्या कर दो। इस संदेश के मिलने पर संदीप आदि ने अम्मार प्रधान की हत्या कर नौशाद द्वारा की गई हत्या का बदला भी चुका दिया। 

पुलिस टीम को पांच हजार का इनाम 
एसएसपी अनंत देव ने शातिर शूटरों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। बताया कि अम्मार प्रधान समेत सीकरी की अन्य वारदातों में शामिल हत्यारोपियों की तलाश की जा रही है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें