भोपा। कर्ज नहीं चुकाने का आरोप लगाकर बेरहमी से पीटे गए बेहड़ा थ्रू के अधेड़ की गुरुवार को मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई।
गुस्साए ग्रामीणों ने शव गांव में रखकर थाने पर जमकर हंगामा काटा। नोकझोंक के बीच पुलिस ने खूब गरमा-गरमी हुई। पुलिस ने बाप-बेटे के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
भोपा थानाक्षेत्र अंतर्गत बेहड़ा थ्रू गांव के नरेश (40) ने गांव के मीनू से पैसे लिए थे। पांच सितंबर को मीनू ने बेटे मोंटी के साथ मिलकर नरेश को घेरकर जमकर पिटाई की थी। परिजनों ने घायलावस्था में उसे मेरठ के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। बुधवार को उपचार के दौरान नरेश की मौत हो गई।
परिजन शव घर ले आए। मृतक के परिजन व ग्रामीण कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से भोपा थाने पर पहुंचे और एसओ का घेराव किया। तहरीर देने के बावजूद आरोपियों पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। नरेश की पत्नी प्रमिता का कहना था कि मीनू ब्याज पर रुपये देने का काम करता है।
जरूरत के समय 40 हजार रुपये लिए थे। करीब एक लाख रुपये सूद दे चुके थे। इसके बावजूद मीनू 50 हजार रुपये बकाया बता रहा था। देने से इंकार करने पर मीनू ने बेटे मोंटी के साथ मिलकर नरेश की बेरहमी से पिटाई की थी। जिस कारण नरेश की मौत हुई है।
मामले में पुलिस का टालमटोल भरा रवैया देखकर उग्र हुए लोगों ने तोड़फोड़ की कोशिश की। मीनू और उसके लड़के मोंटी के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज होने के बाद लोग वापस लौटे। बाद में पुलिस ने बेहड़ा थ्रू जाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष प्रमोद पंवार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।