मुजफ्फरनगर। एसएसपी ने दस सिपाहियों को इधर से उधर करते हुए सात को लाइन भेज दिया है। कप्तान की कार्रवाई से सिपाहियों में हड़कंप मचा हुआ है।
कप्तान बबलू कुमार ने दस सिपाहियों के तबादले किए हैं। इनमें एसपी सिटी कार्यालय में तैनात कपिल कुमार और टेकचंद को शहर कोतवाली, अतुल कुमार को पुलिस लाइन से शहर कोतवाली, मीरापुर से इस्लाम अली, शहर कोतवाली से सुबहान अली और राजेंद्र यादव नई मंडी से अशोक खारी, मोहित त्यागी, नितिन अहलावत, सिविल लाइन से दीपक को लाइन भेज दिया गया है। कप्तान की कार्रवाई से सिपाहियों में हड़कंप मचा है।
नशे में धुत युवक ने खुद को लगाई आग
मुजफ्फरनगर। नशे में धुत युवक ने घर में खुद का आग लगा ली। परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया तो वहां भी उपचार कराने से इंकार कर दिया। युवक घंटों इमरजेंसी के बाहर हंगामा काटता रहा।
शहर कोतवाली के न्याजूपुरा निवासी शाहिद (25) ने बुधवार रात घर में अपने ऊपर तेल छिड़ककर खुद का आग लगा ली। युवक को जलता देख परिजनों ने शोर मचाया तो लोगों ने आग को बुझाया। इस दौरान युवक चिल्लाता रहा। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया तो वहां उसने उपचार कराने से इंकार कर दिया। युवक घायल अवस्था में ही अस्पताल में इमरजेंसी के बाहर हंगामा काटता रहा। बाद में परिजनों ने जबरदस्ती उसका उपचार कराया।
आत्महत्या का प्रयास
पुरकाजी। सहारनपुर जिले के देवबंद निवासी श्रीपाल करीब दो वर्षों से अपने परिवार के साथ पुरकाजी की सत्या विहार कॉलोनी में रह रहा है। बुधवार को उसने गृह क्लेश के चलते अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। उसके परिजनों द्वारा शोर मचाने पर इकट्ठा हुए मोहल्लेवासियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने उसके घर से पेट्रोल की एक केन भी बरामद की है।
अधिवक्ता प्रशांत भूषण के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मुजफ्फरनगर। भगवान श्रीकृष्ण पर गलत टिप्पणी करने पर हिंदू संगठन के नेता ने अधिवक्ता प्रशांत भूषण के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। हिंदू महासभा के अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा ने सिविल लाइन थाने में अधिवक्ता प्रशांत भूषण के खिलाफ तहरीर दी। वादी ने आरोप लगाया कि एडवोकेट ने कृष्ण भगवान पर गलत टिप्पणी कर धार्मिक भावनाओं को भड़काया है। पुलिस ने प्रशांत भूषण के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।