खतौली के गांव लाडपुर के दलितों ने मारपीट के मामले में प्राइवेट बस में सवार गुर्जर समाज के छात्रों पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने बस में तोड़फोड़ कर दी। इतना ही नहीं बस पर ईंटें भी फेंकी। अचानक बस में हमले से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। महिला यात्रियों में चीखपुकार मच गई। हमले में कई छात्र घायल हो गए। बस में सवार यात्री भी चोटिल हुए। पुलिस ने तीन दलित युवकों को हिरासत में लिया है। इस पर दलित महिलाओं की पुलिस से झड़प भी हुई। सीओ ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली।
पुलिस के मुताबिक चार-पांच दिन पूर्व गांव अंतवाड़ा के गुर्जर समाज के छात्रों का गांव लाडपुर निवासी दलित समाज के युवक के साथ जानसठ बस अड्डे पर किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। दोनों गांवों के प्रधानों ने दोनों पक्षों के बीच आपस में समझौता करा दिया था। मंगलवार को गांव अंतवाड़ा के गुर्जर समाज के छात्र कालेज की छुट्टी होने के बाद प्राइवेट बस से सवार होकर अपने घर जा रहे थे। बस में सवार गांव लाडपुर के दलित युवकों के साथ फिर से छात्रों के साथ कहासुनी हो गई।
दलित समाज के युवकों ने फोन पर अपने परिजनों को सूचना दे दी। सूचना पर दलित समाज की महिलाएं और लोग हाथों में लाठी डंडे व फावड़े लेकर गांव के बाहर सड़क पर आकर खड़े हो गए। दलित समाज के लोगों ने बस को सड़क पर रुकवाकर उसके अंदर बैठे छात्रों पर हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दलित समाज के लोगों ने बस पर ईंटें भी फेंकी और लाठी व डंडे मारकर बस के शीशे तोड़ डाले। हमले के दौरान बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
अचानक हमले से बस में सवार महिला यात्रियों की चीखपुकार मच गई। हमले के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। हमले में छात्र रवि पुत्र राजकुमार, अनिकेत पुत्र अनिल, अभिषेक पुत्र संदीप, सचिन पुत्र संतरपाल, विनय पुत्र वीर सिंह घायल हो गए। हमले में कई यात्रियों को भी चोटें लगी थी। बस में बैठी महिलाओं समेत कई यात्री बस से नीचे उतर गए थे। इसके बाद चालक बस लेकर वहां से निकल गया। पुलिस ने घायल छात्रों को एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया।
सूचना मिलने पर सीओ डा. राजीव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। सीओ ने महिला यात्रियों व ग्रामीणों से घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने गांव में दलितों के मोहल्ले में सर्च अभियान चलाकर तीन दलित युवकों को हिरासत में ले लिया। दलित महिलाओं ने युवकों को छुड़ाने के लिए सड़क पर हंगामा खड़ा कर दिया। महिलाओं की पुलिस के साथ भी काफी नोकझोंक हुई। हमले में घायल छात्र अभिषेक व सचिन को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। उधर, थाने में घायल छात्रों के परिजनों ने पुलिस को दलितों के खिलाफ तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
दलितों और गुर्जर समाज के लोगों में आक्रोश
खतौली। बस में छात्रों पर हमले की घटना को लेकर गांव लाडपुर के दलितों और गांव अंतवाड़ा के गुर्जर समाज के लोगों मेें भारी आक्रोश व्याप्त है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सीओ डॉ राजीव कुमार सिंह ने घायलों छात्रों से घटना के बारे में जानकारी लेकर उनके बयान दर्ज किए।
इस दौरान अस्पताल में पहुंचे गुर्जर समाज के लोगों ने सीओ के समक्ष आक्रोश जताते हुए कहा कि पूर्व में भी छात्रों के साथ दलित समाज के युवकों ने मारपीट की थी और आज भी उन्होंने ही बस में हमला बोला। गुर्जर समाज के लोगों ने सीओ ने दलितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। सीओ ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उधर, दलित समाज के लोगों का कहना है कि पहले झगड़ा छात्रों ने किया था।
प्राइवेट बस के अंदर हमला करके पांच छात्रों को घायल कर दिया गया है। आरोपी मौके से फरार हो गए थे। उन्होंने बस के यात्रियों और ग्रामीणों से भी घटनाक्रम की जानकारी ली। घायल छात्रों के भी बयान लिए हैं। पूरे प्रकरण की जांच पड़ताल कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
डा. राजीव कुमार सिंह, सीओ, खतौली