स्कूटी के पास खड़ा संदिग्ध युवक।
- फोटो : अमर उजाला
दिनदहाड़े चोरों ने बैंक के बाहर खड़ी फैक्ट्री कर्मचारी के स्कूटी की डिग्गी का लॉक तोड़कर एक लाख रुपये की नकदी साफ कर दी। कर्मचारी बाहर आया तो उसे चोरी का पता चला। पीड़ित ने डायल 100 को सूचना दी। मंडी और सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। घंटों तलाश के बाद भी चोरों का कुछ पता नहीं चल पाया। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में चोरों की तस्वीर कैद हो गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
शहर कोतवाली निवासी अभिषेक रुड़की रोड स्थित शमीम की कोल्हू की फैक्ट्री में काम करता है। सोमवार को फैक्ट्री स्वामी ने अभिषेक को एक लाख और 26 हजार के दो चेक अलग-अलग बैंकों के कैश कराने के लिए दिए थे। उसने पहले गांधी कालोनी स्थित एक्सिस बैंक से एक लाख रुपये निकाले और बाद में पचेंडा रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा से 26 हजार रुपये निकालने के लिए पहुंचा।
दोपहर करीब एक बजे अभिषेक शाखा के बाहर पहुुंचा। उसने स्कूटी को खड़ा कर भीतर चला गया। इसी बीच चोर आए और उसकी स्कूटी की डिग्गी तोड़कर उसमें रखी एक लाख की नगदी चोरी कर ले गए। पीड़ित बाहर आया तो उसने देखा कि दो चोर उसका बैग चोरी कर भाग रहे हैं। पीड़ित ने शोर भी मचाया, लेकिन चोर गायब हो गए। चोरी का पता चलने पर अभिषेक घबरा गया और उसने डायल-100 को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर सिविल लाइन और नईमंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी सिटी ओमबीर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित युवक से पूछताछ की। पीड़ित ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एसपी सिटी ओमबीर सिंह ने कहा कि दोनों चोरों के चेहरे पहचान में आ रहे हैं, लेकिन नाम से कनेक्ट नहीं हो पा रहे हैं। घटना का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
बैग में थे 100-100 के नोट
मुजफ्फरनगर। बैंक ऑफ बड़ौदा के बाहर से स्कूटी की डिग्गी में चोरी गई एक लाख की नगदी में सभी 100-100 के नोटों की गड्डियां थीं। पीड़ित ने एक्सिस बैंक से रकम लेकर वहीं से बैग लिया था और उसी में गड्डियों को रखा था।