कुख्यात विक्की त्यागी हत्याकांड की जांच प्रक्रिया में तेजी आ गई है। बृहस्पतिवार को सीबीसीआईडी के एसपी डॉ के एंजिल रसन मुजफ्फरनगर पहुंचे। उन्होंने घटना के कई पहलुओँ की जांच-पड़ताल की। इस दौरान न्यायिक अधिकारी के भी बयान दर्ज किए गए। माना जा रहा है कि जांच एजेंसी जल्द अपनी रिपोर्ट शासन को सौंप देगी।
पिछले साल 16 फरवरी 2015 को कुख्यात अपराधी विक्की त्यागी की कोर्ट रूम में उस समय हत्या कर दी गई थी, जब वह पेशी पर आया था। हत्यारोपी सागर मलिक ने मौका ए वारदात पर आत्मसमर्पण कर दिया था। इस मामले में सागर मलिक समेत कुछ पुलिसकर्मी भी नामजद किए गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही थी, लेकिन इसी दौरान मिली शिकायत के बाद शासन ने मामले को सीबीसीआईडी के सुपुर्द कर दिया था।
जांच एजेंसी ने न्यायिक अफसर के बयान दर्ज करने के लिए हाईकोर्ट से परमीशन ली थी। गुरुवार को सीबीसीआईडी के एसपी डॉ के एंजिल रसन मुजफ्फरनगर पहुंचे। उन्होंने केस के सिलसिले में कई पहलुओं पर जांच-पड़ताल की। सूत्रों के मुताबिक एसपी ने एक न्यायिक अफसर के बयान भी दर्ज किए। इस दौरान अदालत में विक्की त्यागी के माता-पिता भी मौजूद रहे। एसपी ने बताया कि जांच लगभग पूरी हो गई है। जल्द ही रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।