भिवानी के तोशाम में लोन का झांसा देकर ठगी करने वाला गिरोह पिछले करीबन एक माह योजना बना रहा था। गिरोह के सदस्य पिछले सप्ताहभर से गांव बीरण में सक्रिय थे। गांव में करीबन दस महिलाओं को लोन के झांसे में फंसाकर 13 हजार की ठगी कर चुके थे। भांड़ा फूटने के बाद दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस रिमांड पर लाए गए दोनों आरोपियों ने इसका खुलासा किया है। पुलिस ने वीरवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों से 10 महिलाओं की आईडी व 13 हजार की नकदी बरामद की है।
तीन रोज पहले गांव बीरण में आईजी स्टाफ को मुखबरी से सूचनी मिली थी कि लोन देने का झांसा देकर ठगी करने का एक गिरोह इलाके में सक्रिय है। मंगलवार को आईजी स्टाफ ने गांव बीरण में दबीश देकर दो युवकों को हिरासत में लिया था। दोनों युवक गांव मदीना के रहने वाले हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया और उसके बाद एक दिन के पुलिस रिमांड़ पर लाया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया है कि उनकी कंपनी फर्जी है और यह करने के लिए एक माह से योजना बना रहे थे। गांव बीरण के बाद दूसरे गांव जाने का विचार चल रहा था। इस बारे में थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।