क्राइम ब्रांच की टीम और चरथावल पुलिस ने डकैती की योजना बनाते आधा दर्जन बदमाशों को पकड़ लिया। पुलिस को आरोपियों के पास से तीन तमंचे, कारतूस, चाकू, छुरी और पीनना के ग्रामीण से लूटी गई सवा लाख की नगदी भी बरामद की है। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है, अंदेशा है कि इन्होंने अन्य जगहों पर भी घटनाएं कर रखी हैं।
क्राइम ब्रांच प्रभारी अरुण त्यागी और चरथावल प्रभारी निरीक्षक कमल सिंह चौहान को बुुधवार रात चरथावल के खुसरोपुर मार्ग पर बंद पड़े भट्ठे के पास कुछ संदिग्ध के होने की सूचना सर्विलांस के माध्यम से मिली थी। क्राइम ब्रांच और चरथावल थाने की टीम ने घेराबंदी कर मुठभेड़ के बाद छह बदमाशों को मौके से पकड़ लिया। एसएसपी दीपक कुमार ने बृहस्पतिवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि सर्विलांस टीम के सोनू शर्मा ने बदमाशों की डकैती करने की योजना बनाने की बात फोन पर सुनी थी, इस बात को लेकर दोनों टीमों बताई गई लोकेशन से आरोपियों को पकड़ा है।
पकड़े गए बदमाश शादमान पुत्र राशिद निवासी किदवई नगर शहर कोतवाली, आशीष कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी टंकी कालोनी शामली, प्रवीण कुमार पुत्र चंद्रपाल निवासी सिंभालका झिंझाना शामली, तालिब पुत्र फारुक किदवई नगर शहर कोतवाली, अर्जुन पुत्र किरनपाल निवासी देवपुरा थानाभवन शामली, नितिन पुत्र राजेंद्र सिंभालका झिंझाना हैं। एसएसपी ने बताया कि आरोपी अर्जुन के हाथ में चोट लगी है, सहारनपुर में पड़ी एक डकैती में भी एक बदमाश के हाथ में चोट की बात सामने आई है।
इस बात की जांच की जा रही है और बदमाशों द्वारा अन्य थानों में की गई घटनाओं के बारे में भी पता किया जा रहा है। आरोपियों के पास से चोरी की दो बाइक, तीन तमंचे, कारतूस और चाकू-छुरी भी बरामद किए हैं। दो आरोपियों नितिन और आशीष ने बुधवार सुबह पीनना निवासी ग्रामीण विक्रम सिंह से बाइक से एक लाख 40 हजार की नगदी लूट ली थी। उसमें से पुलिस ने एक लाख 25 हजार की नगदी बरामद कर ली है। बताया कि आरोपियों से अन्य घटनाओं के बारे में पूछताछ की जाएगी।
सोनू को एसएसपी ने दिया 2000 का ईनाम
सर्विलांस की मदद से बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाने और उनकी सही लोकेशन देकर पकड़वाने पर एसएसपी ने सर्विलांस में तैनात सिपाही सोनू शर्मा को दो हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। कप्तान दीपक कुमार ने बताया कि सोनू ने ही पकड़े गए सभी बदमाशों की लोकेशन दी थी, जिसके चलते पुलिस को बदमाशों को पकड़ने में सफलता मिली।
कप्तान ने कोतवाल को लगाई फटकार
पुलिस द्वारा पकड़े गए बदमाशों को बिना नकाब लगाए प्रेसवार्ता में देख एसएसपी दीपक कुमार चरथावल प्रभारी निरीक्षक कमल सिंह चौहान पर बिफर पड़े। कप्तान ने एसओ को डांटते हुए कहा कि प्रेसवार्ता में बदमाशों को बगैर नकाब के क्यों लाया गया है। इस बात पर कप्तान ने कोतवाल को डांट पिलाई। बाद में एसएसपी ने पुलिस लाइन के आरआई को लाइन में ही नकाब की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कहा कि आगे से पकड़े गए बदमाशों को लाइन से ही नकाब लगाए जाएं।