तीन दिन पहले कांशीराम कालोनी में फेंकी गई महिला ने होश में आने पर चार युवकों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। युवकों ने हैवानियत का यह खेल उसे नशीला कोल्ड ड्रिंक पिलाकर खेला। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली महिला को चार युवक बेहोशी की हालत में कांशीराम कालोनी में फेंक गए थे। महिला को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तीन दिन बाद बुधवार को होश में आने पर उसने आपबीती बताई। उसने बताया कि वह स्वयं सहायता समूह से जुड़ी है। 26 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे वह कांशीराम कालोनी में एक महिला को समूह के एक हजार रुपये देने आई थी। उसके न मिलने पर वह अपने गांव लौट रही थी।
रास्ते में फतेहनगर गांव के चार युवक मिले। बातचीत के दौरान चारों ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने को दिया। कुछ ही देर में उसे चक्कर आने लगा तो वे लोग उसे पास ही एक कमरे में ले गए, जहां हैवानियत की गई। उसके बेहोश होने पर वे लोग उसे कालोनी में फेंक गए। बुधवार को होश में आने पर वह बेटे के साथ कोतवाली पहुंची। उसने चारों युवकों के खिलाफ गैंगरेप की तहरीर दी है।