खतौली। श्रावणी मेला छड़ियान का समय पूरा होने पर मंगलवार रात पुलिस ने दुकानदारों पर लाठियां फटकार दुकानें बंद करा दी। इतना ही नहीं पुलिस ने दुकानों की बिजली को भी काट दिया। पुलिस के इस व्यवहार से दुकानदारों में रोष व्याप्त है।
कृष्ण जन्माष्टमी के बाद श्रावणी मेला छड़ियान लगाया जाता है। इस वर्ष भी मेला लगा था। डीएम निखिल चंद्र शुक्ल ने तहसीलदार सतीश कुमार कुशवाह को मेले का मजिस्ट्रेट बनाया था। मेला 28 सितंबर को समाप्त हो गया था, लेकिन दुकानदारों ने मंगलवार रात दस बजे के बाद भी दुकानें खोल रखी थी।
इसकी जानकारी पुलिस को लग गई। पुलिस ने मेले में पहुंच कर दुकानें बंद करने की चेतावनी दी, तो दुकानदारों ने हंगामा खड़ा कर दिया। जिस पर पुलिस को मजबूरन लाठियां फटकार कर दुकानें बंद करानी पड़ी और बिजली आपूर्ति भी काट दी।
पुलिस के जाने के बाद दुकानदारों ने पुलिस के रवैये के विरोध में भारी रोष प्रकट किया। इंस्पेक्टर सुनील कुमार त्यागी का कहना है कि मेले की समयावधि समाप्त हो चुकी है, अब किसी सूरत में दुकानें खुलने नहीं दी जाएगी।