मुजफ्फरनगर। सहारनपुर क्षेत्र निवासी एक युवती ने शुक्रवार शाम एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। दूसरे संप्रदाय के युवक पर धर्म परिवर्तन कर यौन शोषण का आरोप लगाकर कार्रवाई की गुहार लगाई। एसएसपी ने नई मंडी कोतवाली से जांच कर कार्रवाई करने के लिए कहा है।
एसएसपी के बंगले पर रात नौ बजे पहुंचकर युवती ने रोते हुए बताया कि दो वर्ष पूर्व मदीना कालोनी के पास एक शादी में युवक से उसकी मुलाकात हुई थी। बागोवाली निवासी आरोपी युवक ने जिले के एक चर्चित मदरसे में ले जाकर उसका धर्म परिवर्तन कराया और बाद में उसे अपने साथ रखने लगा।
कई बार कहने के बावजूद आरोपी ने उसके साथ शादी नहीं की। इस बीच आरोपी उसका यौन शोषण करता रहा। पिछले कुछ माह से आरोपी उसके साथ मारपीट करता आ रहा है। पीड़ित युवती ने एसएसपी से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई। एसएसपी ने नई मंडी कोतवाली को मामले में जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।