महिमा आत्महत्या प्रकरण ने तूल पकड़ लिया है। इस मसले पर विश्वकर्मा समाज की शोकसभा में लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि आरोपी चाहे तो साढ़े चार लाख रुपये ले और बेटी को जिंदा लौटा दे। पंचायत में पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए संघर्ष समिति के गठन का फैसला लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पैसे के लेनदेन में परिवार की बेटियों पर हमला सभ्य समाज के लिए शर्मनाक है।
थाना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के अंकित विहार निवासी महिमा के पिता देवप्रकाश पुत्र रामस्वरूप से सात फरवरी को कंपनी की साढ़े चार लाख रुपयों की रकम लूट ली गई थी। कंपनी के पार्टनरों ने रकम की वसूली को लेकर देवप्रकाश को बेटे अक्षय सहित बंधक बना लिया था। इस मामले में देवप्रकाश की पत्नी संजू देवी और उसकी बेटी महिमा ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई थी। आरोपियों की दहशत में महिमा (19) ने 16 फरवरी को अंकित विहार स्थित अपने आवास में खुदकुशी कर ली थी।
इस घटना से समाज के लोगों में पुुलिस-प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। रविवार को आर्य समाज में पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए आयोजित शोकसभा में लोगों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि साढ़े चार लाख रुपये ले लो और महिमा को लौटा दो। वक्ताओं ने कहा कि पैसे के लेनदेन में परिवारों की बेटियों पर हमला सभ्य समाज के लिए शर्मनाक है।
लखनऊ में लूट की घटना हुई थी, तो उसकी रिपोर्ट वहीं दर्ज होकर जांच की जानी चाहिए थी। मां-बेटी को घर जाकर धमकाया गया और उन्हें रकम नहीं लौटाने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। पूरे प्रकरण में पुलिस की कार्यप्रणाली भी दुर्भाग्यपूर्ण है। कप्तान समय रहते कठोर कदम उठाते तो आरोपियों की यह हिम्मत नहीं होती कि रकम वसूलने के लिए मां-बेटी को प्रताड़ित किया जाता।
शोक सभा में पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए संघर्ष समिति के गठन का निर्णय लिया गया। शोक सभा में आचार्य गुरुदत्त आर्य ने कहा कि समाज की हर बेटी की रक्षा का दायित्व राष्ट्र के प्रत्येक नागरिक का धर्म है। भाजपा नेता संजय उर्फ बोनी धीमान नंगला राई ने घटना की विस्तृत जानकारी दी। सभा में शहर विधायक कपिल देव अग्रवाल, पूर्व विधायक मिथलेश पाल, सपा नेता गौरव स्वरूप, सपा जिलाध्यक्ष श्यामलाल उर्फ बच्ची सैनी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष नानू मियां,
भाजपा जिलाध्यक्ष रुपेंद्र सैनी, सतेंद्र सैनी, राजीव गर्ग, रालोद महानगर अध्यक्ष मनोज शर्मा, कांग्रेस नगराध्यक्ष सतीश गर्ग, देवव्रत त्यागी, वसी अंसारी, भाजपा पूर्व नगराध्यक्ष जगदीश पांचाल, देशपाल पांचाल, सहारनपुर से ब्रिजेश विश्वकर्मा, एके शर्मा, ठाकुर, डॉ नरेश कुमार धीमान, नरेश विश्वकर्मा, ओमपाल सिंह, मोहन प्रजापति, दुष्यंत धीमान, श्री भगवान शर्मा आदि ने विचार रखे।