मुजफ्फरनगर/रोहाना। विद्युत निगम के रोहाना बिजलीघर पर तैनात कैशियर से बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े बिल कलेक्शन का 3.10 लाख रुपये का बैग लूटकर सनसनी फैला दी। सूचना पर एसएसपी सहित अन्य अफसरों ने पहुंचकर लुुटेरों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। पुलिस कैशियर से घटना को लेकर पूछताछ कर रही है।
सिखेड़ा क्षेत्र के गांव धंधेड़ा निवासी शेखरचंद विद्युत निगम के रोहाना बिजलीघर पर बतौर कैशियर तैनात है। सोमवार को शेखरचंद बिल कलेक्शन के तीन दिनों का कैश 3.10 लाख रुपये लेकर उसे जमा कराने के लिए मुख्यालय आ रहा था। दोपहर करीब तीन बजे जैसे ही वह बाइक पर रोहाना से आगे बड़कली मोड़ पर पहुंचे, पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने उसे रुकवा लिया।
बाइक रुकते ही लुटेरों ने तमंचा निकालकर शेखरचंद पर तान दिया और गोली मारने की धमकी देकर उससे नकदी भरा बैग लूट लिया। इसके बाद लुटेरे मुजफ्फरनगर की तरफ फरार हो गए। दिनदहाड़े कैशियर से 3.10 लाख रुपये लूटे जाने की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह, सीओ सिटी हरीश भदौरिया, शहर कोतवाल इंस्पेक्टर अनिल कपरवान, क्राइम ब्रांच मौके पर पहुंचे और पीड़ित कैशियर से घटना की जानकारी लेते हुए लुटेरों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन लुुटेरों का सुराग नहीं लगा। मामले में पुलिस कैशियर की ही भूमिका को संदिग्ध मानते हुए उससे पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान का कहना है कि बिजलीघर के कैशियर से बिल कलेक्शन के रुपयों की लूट की गई है। लुटेरों की तलाश की जा रही है, बहुत जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।