युवती से गैंगरेप में आरोपी गिरफ्तार
मंसूरपुर। रविवार को मंसूरपुर से अपहरण कर दलित युवती के साथ गैंगरेप के मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार की देर रात को एसएसपी सुधीर कुमार ने भी बेगरापुर मेडिकल कालेज में पहुंच कर पीड़िता से पूछताछ कर पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने मंसूरपुर थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी बेटी मंसूरपुर में एक ब्यूटी पार्लर पर कार्य करती है। रविवार शाम जब वह ब्यूटी पार्लर से घर के लिए चली तो मिल रोड पर दो बाइक सवार युवकों ने तमंचे के बल पर उसका अपहरण कर लिया तथा खतौली गंगनहर के पास ले गए। वहां दोनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर मेहताब, निवासी गांव मंसूरपुर तथा उसके साथी के खिलाफ गैंगरेप तथा एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस नामजद आरोपी मेहताब को गिरफ्तार कर लिया गया है। सीओ डॉक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज किए गए हैं। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, अभी मेडिकल रिपोर्ट नहीं आई है। ब्यूटी पार्लर का भी निरीक्षण किया गया है, जहां पीड़िता कार्य करती थी। पीड़िता ने अपने बयानों में दो युवकों पर आरोप लगाया है।