मुजफ्फरनगर। गांव भोजाहेड़ी निवासी राहुल प्यार में धोखा मिलने से डिप्रेशन में था। करीब एक पखवाड़े पूर्व उसने हिमाचल प्रदेश में रहते हुए ही अपनी हाथ की नस भी काट ली थी। पुलिस की प्रथम दृष्टया जांच में उसकी मौत का कारण प्रेम प्रसंग में विफलता ही निकलकर आ रहा है।
पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव भोजाहेड़ी निवासी राहुल पुत्र अतरसिंह करीब एक साल से हिमाचल प्रदेश के जनपद सिरमौर के कालाआम में रहकर किसी फैक्टरी में काम कर रहा था। वहां वह मंसूरपुर के गांव पुरबालियान निवासी युवक के साथ एक ही कमरे में रहता था। सूत्रों के अनुसार, राहुल का सिरमौर जनपद की ही एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था, जिसकी जानकारी होने पर कुछ समय पूर्व युवती के परिजनों ने उसकी शादी कहीं ओर तय कर दी थी।
इसके चलते राहुल डिप्रेशन में आ गया था और उसने फैक्टरी में काम पर जाना भी काफी कम कर दिया था। इसी डिप्रेशन के चलते करीब एक पखवाड़े पूर्व राहुल ने कालाआम में रहते हुए ही अपनी कलाई की नस भी काट ली थी। जिसे उसके साथियों ने वहीं के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। इसी दौरान उसने अपना मोबाइल भी दीवार में मारकर तोड़ दिया था।
लगातार बिगड़ती हालत के चलते साथियों ने उसे करीब एक सप्ताह पूर्व घर भेज दिया था। यहां मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने उसे कालाआम जाने से मना किया था। इसके बावजूद वह 23 अप्रैल को घर से निकल गया था, जिसके बाद उसकी लाश गांव के बाहर स्थित बाग में मिली। माना जा
रहा है कि घर से निकलने के बाद वह गांव के बाहर स्थित बाग में पहुंचा और वहां जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। इंस्पेक्टर योगेश शर्मा ने बताया कि युवक के प्रेम प्रसंग में विफलता और हिमाचल में आत्महत्या की कोशिश की जानकारी मिली है। जिसके चलते इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है।
बैग से मिले प्रेमपत्र और डायरी
मुजफ्फरनगर। गांव भोजाहेड़ी निवासी राहुल की लाश मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की, तो उसका एक बैग घर में होने का पता चला। पुलिस ने राहुल के घर पहुंचकर उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें से हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जनपद की युवती के कुछ प्रेम पत्र और एक डायरी भी मिली, जिसमें उसकी मौत का राज छिपा हुआ है। पुलिस का कहना है कि डायरी और प्रेम पत्रों को कब्जे में लेते हुए जांच में शामिल कर लिया गया है।